गायों का पूजन कर मनाई गोपाष्टमी
जागरण संवाददाता इटावा गोपाष्टमी पर जनपद में जगह-जगह गोपूजन का आयोजन किया गया। गोरक्षा सि
जागरण संवाददाता, इटावा : गोपाष्टमी पर जनपद में जगह-जगह गोपूजन का आयोजन किया गया। गोरक्षा समिति के संयोजक गौरव पाठक, अध्यक्ष मयंक बिधौलिया ने गोपूजन किया और असहाय गोवंश के चारे का प्रबंध किया। घायल जीव जंतुओं के लिए शहर में जगह-जगह दवाइयां रखवायीं। उन्होंने लोगों से अपील की कि पॉलिथिन न फेंके। गोवंश प्रतिदिन पॉलिथिन खाकर अपनी जान गंवा रहे हैं। आज का ही दिन वो पवित्र दिन है जब भगवान श्री कृष्ण ने पहली बार गोवंश को चराने के लिए जंगल का रुख किया था। रविकांत दीक्षित, शिवा ठाकुर, आदित्य त्रिपाठी, सूर्या, दीपक पाल मौजूद रहे। संवादसूत्र, बकेवर : गोपाष्टमी पर्व पर जगह-जगह गायों का विधि विधान से पूजन कर प्रेम पूर्वक भोजन कराया गया। कार्तिक शुक्ल पक्ष की अष्टमी को गोपाष्टमी के रूप में मनाया जाता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गौ चारण लीला शुरू की गई। इस महत्व को समझते हुए बकेवर नगर पंचायत द्वारा गायों का सामूहिक गो पूजन नगर पंचायत की गोशाला में किया गया। गोशाला में चेयरमैन विनोद दोहरे, ईओ अजय कुमार, व्यापार मंडल अध्यक्ष शीलू शर्मा, सभासद टिल्लू यादव, नवल पाठक, अनुज तिवारी, अंकित पाठक, अनिल तिवारी, पशुधन प्रसार अधिकारी अनिलवीर सिंह चौहान ने विधि विधान से गौ माता का पूजन कर आरती उतारी और उन्हें मिष्ठान खिलाया। गायों को मनपसंद चारा देने के लिए चूनी-चोकर, गुड़ व हरे चारे की विशेष व्यवस्था की गई थी। गोशाला प्रांगण भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता के जयकारों से गूंज उठा।
गोशालाओं के अलावा यह पर्व घर में भी गृहणियों ने मनाते हुए गो पूजन किया। ग्राम सब्दलपुर स्थित हमीरपुरा गोशाला में बाबा सुर्जन दास द्वारा, यमुना टकरुपुरा यमुना घाट मंदिर पर लवेदी इंटर कालेज के पूर्व प्रधानाचार्य सुरेंद्र नाथ अग्निहोत्री, समाजसेवी प्रवेंद्र किशोर दीक्षित ने गौ पूजन किया। इसी प्रकार बकेवर के गोपाल मंदिर में महंत गोपाल दास ने गौ पूजन किया। इस मौके पर सहकारी समिति के अध्यक्ष अशोक शुक्ला, पूर्व सभासद गोविद यादव, ग्रीश तिवारी मौजूद रहे। सबसे बड़ी गोशाला में मनाई गोपाष्टमी बरालोकपुर : गोपाष्टमी पर जिले की सबसे बड़ी गोशाला ग्राम पंचायत परौली रमायन में नारायणी ट्रस्ट के अध्यक्ष मनीष यादव पतरे, जिला पशु चिकित्सा अधिकारी डा. विनीत पांडे ने गाय को तिलक लगाकर लड्डू खिलाया। इस समय गोशाला में करीब 1200 गोवंश मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने घर में गाय पालनी चाहिए। इस दौरान बसरेहर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेश यादव, प्रधान शैलेंद्र कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष मन्नू यादव, राजेश अशोक सहित कई लोग मौजूद रहे। संवाद सूत्र, महेवा के अनुसार : ग्राम पंचायत अहेरीपुर में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. शरद यादव, ग्राम प्रधान बिलकिशा बेगम, सचिव सौरभ ने गायों को तिलक कर पूजा की व हरा चारा खिलवाया।