.. आखिर पकड़ा गया उत्पाती बंदर, लोगों ने ली राहत की सांस
जागरण संवाददाता इटावा सिविल लाइन इलाके में आदर्श नगर कालोनी में एक माह से आतंक मचाए एक
जागरण संवाददाता, इटावा : सिविल लाइन इलाके में आदर्श नगर कालोनी में एक माह से आतंक मचाए एक बंदर को वन विभाग और पर्यावरणीय संस्था सोसायटी फॉर कन्जर्वेशन आफ नेचर के संयुक्त प्रयास से दो घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ लिया गया। इस उत्पाती बंदर को पकड़ने के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली। यह बंदर एक माह से लोगों के लिए खासी मुसीबत बना हुआ था। एक दर्जन के आसपास लोगों को यह काट चुका था।
मामले की जानकारी कालोनी के लोगों ने वन विभाग को दी थी। जिसके बाद वन विभाग की टीम के साथ सोसायटी फॉर कन्जर्वेशन आफ नेचर के सचिव संजीव चौहान मौके पर पहुंचे थे और दो घंटे की मशक्कत के बाद बंदर को पिजड़े में कैद कर लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बंदर के आतंक के कारण उन लोगों ने घर से निकलना बंद कर दिया था। सचिव संजीव चौहान ने बताया कि बंदर को वन विभाग की टीम के साथ पकड़ लिया गया है। बंदर ने कई लोगों को काटकर घायल किया है। इसे अब इसके प्राकृतिक वास में छोड़ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि भोजन न मिल पाने के कारण बंदर चिड़चिड़े हो जाते हैं और किसी तरह से लोगों को काटते हैं। कालोनी की निवासी सरस्वती देवी ने बताया कि पकड़ा गया बंदर काफी खतरनाक था और एक माह से कालोनी के लोगों को परेशान कर रहा था। रानी ने बताया कि बंदर ने इस तरीके से लोगों को परेशान कर रखा कि उसने पूरी दिनचर्या को ही प्रभावित कर दिया था।