सपा घमासानः बंद कमरे में मुलायम-शिवपाल के बीच अहम मंत्रणा
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव और उनके अनुज शिवपाल सिंह यादव के बीच आज करीब एक घंटे तक गहन मंत्रणा हुई। बातचीत आगे भी होगी।
इटावा (जेएनएन)। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव और उनके अनुज शिवपाल सिंह यादव आज इटावा में थे। शिवपाल बड़े भाई मुलायम सिंह से मिलने सिविल लाइन स्थित उनके आवास पर पहुंचे। उनकी करीब एक घंटे तक गुफ्तगू हुई। माना जा रहा है कि नए राजनीतिक हालात को लेकर दोनों के बीच वार्ता हुई। मुलायम सिंह शाम इटावा पहुंचे थे जबकि शिवपाल सिंह पहले से यहां मौजूद थे। शिवपाल के नया समाजवादी मोर्चा बनाए जाने को लेकर दोनों के बीच यह बातचीत अहम मानी जा रही है। इस मोर्चे का गठन छह जुलाई को होगा।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक की महिला अधिकारी का दावाः आइएएस अनुराग की हत्या की गई
मोर्चा गठन के समीकरणों पर चर्चा
ऐसे में आगे क्या समीकरण होंगे इसको लेकर भी चर्चा होने की बात कही जा रही है। हालांकि शिवपाल ने मुलायम सिंह से बातचीत के बाद कुछ भी नहीं कहा और आगे बात करेंगे यह कहकर चले गए। मुलायम सिंह रविवार को इटावा स्थित अपने आवास पर ही रहे। वह कई लोगों से मिले और चिकित्सक एमएम पालीवाल के आवास पर भी गए। उन्होंने जिले के बारे में भी अपने पुराने साथियों से बातचीत की। उनके सोमवार तक यहां रहने की संभावना है। वहीं शिवपाल रविवार को मथुरा चले गए।
यह भी पढ़ें: संतकबीर नगर के पुलिस-पब्लिक संघर्ष में घायल थानाध्यक्ष की हालत बिगड़ी
अखिलेश से नाराजगी कैसी वह लड़का समझाता हूंः मुलायम
पिता के रूप में अखिलेश से सपा संरक्षक मुलायम सिंह को कोई नाराजगी नहीं है। कहते हैं कि अखिलेश लड़का है इसलिए ही तो समझाता हूं। इसमें विवाद कैसा और फिर अखिलेश अब सफाई क्यों दे रहे हैं। हम कभी कांग्रेस से गठबंधन के पक्ष में नहीं रहे।अपने राजनीतिक गुरु नत्थू सिंह के बेटे सुभाष यादव की पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त करने मैनपुरी-करहल आए मुलायम सिंह ने कहा कि अखिलेश से नाराजगी कैसी वह लड़का है। मोर्चा बनाने के सवाल पर कहा कि मोर्चा बन रहा है तो शिवपाल जानें, हमें कुछ पता नहीं। अखिलेश के हमेशा राहुल के साथ रहने के बयान पर कहा कि मैं तो इस गठबंधन के पक्ष में था ही नहीं। जो बात निकल गई, उसे दोहराने की आवश्यकता नहीं है। भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों की 27 अगस्त की पटना रैली में सपा और बसपा के शामिल होने के सवाल पर मुलायम ने कहा कि अखिलेश कह रहे हैं, तो उन्हीं से पूछो। हमसे तो इस बारे में कोई चर्चा नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: सहारनपुर जातीय हिंसा का आरोपी रावण और उसके साथी इनामी घोषित