बम-बम भोले से गुंजायमान हुए शिवालय
जागरण संवाददाता, इटावा : महा शिवरात्रि का पर्व त्रयोदशी को भी मनाया गया। इसके तहत अधिकांश
जागरण संवाददाता, इटावा : महा शिवरात्रि का पर्व त्रयोदशी को भी मनाया गया। इसके तहत अधिकांश शिवालय बम-बम भोले से गुंजायमान रहे। दूसरी ओर चतुर्दशी को महा शिवरात्रि जनपद में अधिकांश शिव भक्त मनाएंगे। इसके तहत मंगलवार को अपराह्न तक मध्यप्रदेश क्षेत्र के कांवड़ियों की बरेली हाइवे पर धूम रही। दिन भर कांवड़ियों का तांता लगा रहा।
महा शिवरात्रि का पर्व इस साल दो दिन मनाया जा रहा है। इसके तहत शहर हो देहात अधिकांश शिवालयों में शिव भक्तों ने पूजा-अर्चना की। दो दिवसीय महा शिवरात्रि पर्व मनाए जाने को लेकर शिवालयों को पूर्व में ही में सजा लिया गया था। कई शिवालयों पर अखंड रामचरित मानस तथा सुंदरकांड का पाठ किया जा रहा है। मंगलवार को मौसम साफ रहने से कांवड़ियों को भी राहत मिली जो बरेली हाइवे पर नाचते-गाते हुए शिव महिमा का बखान उत्साह के साथ करते नजर आए। शहर में अपराह्न तक मध्यप्रदेश की ओर जाने वाले कावंड़ियों की धूम रही। दोपहर तक नई मंडी से शहर के मध्य जाम के हालात रहे। यातायात पुलिस ने कड़ी मशक्कत करके व्यवस्था बनाई। गुरु तेग बहादुर सेतु पर बाबा बर्फानी सेवा समिति द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया था। आने वाले कांवड़ियों को समिति के मंत्री ब्रजेश मिश्रा द्वारा फलाहार कराया गया।
आज भी मनाई जाएगी शिवरात्रि
आज बुधवार को चतुर्दशी को महा शिवरात्रि का पर्व श्रद्धा भाव से मनाया जाएगा। इसके तहत शहर के सिद्ध स्थल नीलकंठ महादेव, प्राचीन शिव मंदिर ईदगाह चौराहा, ज्ञान मंदिर फ्रेंडस कालोनी, महेरा चुंगी शिव मंदिर सहित अन्य कई शिवालयों को सजाया गया है। इन सभी शिवालयों पर शिवभक्तों की भीड़ उमड़ेगी।