अंदावा घाट पर नाव का संचालन फिर बंद
संवादसूत्र महेवा बीहड़ी क्षेत्र में स्थित ग्राम अंदावा के नौगवां घाट पर पीपों का पुल हटने के
संवादसूत्र, महेवा : बीहड़ी क्षेत्र में स्थित ग्राम अंदावा के नौगवां घाट पर पीपों का पुल हटने के बाद नाव का संचालन बीते दिनों चंबल सैंक्चुअरी विभाग ने बंद कर दिया था। मीडिया में खबरें आने के बाद विधायक सावित्री कठेरिया ने डीएफओ से बात कर इसे चालू करा दिया था। नाव 27 जुलाई से चलना शुरू हो गई थी लेकिन 31 जुलाई को वन विभाग के एक दारोगा ने वहां पर पहुंचकर नाव का संचालन बंद करा दिया। नाव संचालन मिट्ठू लाल ने बताया कि 27 जुलाई को नाव चालू हो गई थी लेकिन वन दारोगा रोहित कुमार ने 31 जुलाई को इसे बंद करा दिया है। उसने पूरे मामले की जानकारी विधायक सावित्री कठेरिया को शनिवार को दी। विधायक ने कहा कि वह इस संबंध में जिलाधिकारी से बात कर समस्या का समाधान कराएंगी। वहीं वन क्षेत्राधिकारी विवेकानंद दुबे ने बताया कि यह क्षेत्र उनके कार्य क्षेत्र में नहीं आता है। वहीं चंबल सैंक्चुअरी के क्षेत्राधिकारी हरिकिशोर शुक्ला ने कहा कि उच्च अधिकारियों के आदेश के बगैर नाव का संचालन नहीं कराया जाएगा।