शिक्षा सेवा अधिकरण विधेयक की फूंकी प्रतियां
जासं इटावा उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ के बैनर तले उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा अधिकरण विधे
जासं, इटावा : उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ के बैनर तले उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा अधिकरण विधेयक के विरोध में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विनोद यादव के नेतृत्व में सैकड़ों शिक्षकों ने कचहरी प्रांगण पर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने विधेयक की प्रतियों की होली जलाकर अपना विरोध जताया।
जिलाध्यक्ष ने कहा उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा अधिकरण शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए मृत्यु का आज्ञा पत्र है। अभी तक शिक्षा विभाग के किसी शिक्षक विरोधी आदेश के विरुद्ध अध्यापक सीधे उच्च न्यायालय में याचिका कर न्याय प्राप्त कर सकता था। लेकिन इस विधेयक के पास होने के बाद अब प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा की सहायता प्राप्त संस्थाओं के शिक्षक एवं कर्मचारी विभागीय नियमों के विरुद्ध शिक्षा सेवा अधिकरण में वाद करेंगे और और सरकार की ओर से नियुक्त अधिकारी ही अपना निर्णय देंगे, जिनसे न्याय मिलने की संभावना क्षीण हो रही है। सेवा अधिकरण के विरुद्ध सिर्फ सर्वोच्च न्यायालय में ही वाद प्रस्तुत किया जा सकता है, जो शिक्षकों के लिए अत्यंत कष्टकारी होगा। इस सेवा अधिकरण से शीघ्र न्याय मिलने की संभावना शून्य है। ऐसी स्थिति में शिक्षकों की सेवा सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी।
माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के जिलाध्यक्ष कवि कमलेश शर्मा, ताखा ब्लाक अध्यक्ष ब्रजेश यादव, संयुक्त मंत्री उपेंद्र त्रिपाठी, उपेंद्र वर्मा ने भी संबोधित किया। भरथना ब्लाक गोविद चौहान, बसरेहर अध्यक्ष रामविलास यादव, प्रमिला चौहान, बढ़पुरा अध्यक्ष विपिन मिश्रा, महेवा अध्यक्ष पवन यादव, चकरनगर अध्यक्ष रविद्र यादव, जसवंतनगर अध्यक्ष जितेंद्र यादव, हरिमोहन राजपूत, संगठन मंत्री मुकेश यादव आदि उपस्थित रहे।