छह से आठ घंटे मिलती बिजली,बच्चे तक बेहाल
संवाद सूत्र बरालोकपुर विद्युत सब स्टेशन चौपुला से ग्रामीण क्षेत्र को दी जाने वाली बिजली आपूर्ति की स्थिति इन दिनों काफी खराब है। 24 घंटे में केवल छह से आठ घंटे तक विद्युत की आपूर्ति हो रहा है। कस्बा में तो स्थिति और भी खराब है। यहां पर फाल्ट के नाम पर कटौती हो रही है और वमुश्किल पांच से छह घंटे विद्युत आपूर्ति हो पा रही है।
संवाद सूत्र, बरालोकपुर : विद्युत सब स्टेशन चौपुला से ग्रामीण क्षेत्र को दी जाने वाली बिजली आपूर्ति की स्थिति इन दिनों काफी खराब है। 24 घंटे में केवल छह से आठ घंटे तक विद्युत की आपूर्ति हो रही है। कस्बा में तो स्थिति और भी खराब है। यहां पर फाल्ट के नाम पर कटौती हो रही है और बमुश्किल पांच से छह घंटे विद्युत आपूर्ति हो पा रही है।
विद्युत सब स्टेशन चौपुला पर कार्यरत लाइनमैन की लापरवाही के चलते फाल्ट घंटों ठीक नहीं हो पाते। पूरी रात गर्मी में गुजारना पड़ता है। घरों में महिलाओं व बच्चों का बुरा हाल है। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड सैफई पीएन सिंह ने चार्ज लेने के बाद निर्देश दिए थे कि लाइनमैन विद्युत सब स्टेशन पर रुकेंगे,लेकिन लाइनमैन शाम पांच बजे के बाद नहीं रुक रहे हैं। बरालोकपुर, कर्री, बीना की लाइनों पर बाहर के लाइनमैन होने के कारण वे अपने घर चले जाते हैं। पिछले दो दिनों से रात में बिजली न आने से ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है। विद्युत सब स्टेशन के कर्मचारी निर्मोद यादव ने बताया कि सबस्टेशन कुछ दिन पहले ताखा क्षेत्र से जुड़ा था, पांच दिन पहले विद्युत पोल टूट जाने से सप्लाई काट कर परासना विद्युत केंद्र से जोड़ दी गई है। ताखा क्षेत्र में टूटे हुए विद्युत पोल अभी तक ठीक नहीं किए गए हैं। परासना से लेकर कटैयापुरा तक जर्जर लाइन है। जिसके कारण विद्युत आपूर्ति सही नहीं हो पाती है।
ग्रामीण रामजी दुबे, विशाल गुप्ता, तेजराम प्रजापति, सर्वेश दुबे ने विद्युत सप्लाई की व्यवस्था ठीक कराए जाने की मांग की है।