14 करोड़ 69 लाख से पूरी होगी इटावा की 1288 परियोजनाएं
जागरण संवाददाता इटावा प्रदेश सरकार के कृषि एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही न
जागरण संवाददाता, इटावा : प्रदेश सरकार के कृषि एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने जनपद की समीक्षा करने के बाद पत्रकारों से कहा कि सरकार आम जनता के हित के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 14 करोड़ 69 लाख की 1288 परियोजनाएं बनाई हैं उनको शीघ्र ही धरातल पर लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखकर ही सरकार ने मनरेगा के लिए 47 लाख 85 हजार रुपया का प्रावधान किया है। मानव दिवस का लक्ष्य भी निर्धारित कर दिया है।
उन्होंने कहा कि बरसात के बाद तेजी से कोरोना बढ़ रहा है। सभी को कोविड का बचाव करके ही चलना है। वैसे तो जिले में संक्रमण की संख्या कम हो रही है। 339 केस बचे हैं जिनमें 48 संक्रमित विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। सरकार इनको निशुल्क उपचार उपलब्ध करा रही है। कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध करा दी गई हैं अब यूनिफार्म की व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिले की 101 ग्राम पंचायतों के अंदर अपने पंचायत घर बनेंगे। 389 सामुदायिक शौचालय प्रस्तावित हैं। राशन कार्ड के लिए 11 हजार आवेदन आये जबकि 6 हजार कार्ड नए जारी किए गए हैं। कायाकल्य योजना के तहत 1176 विद्यालयों में कार्य कराया जाना है जिले के कई विद्यालयों में पहले से ही कायाकल्प कराया जा चुका है। पेयजल की सुविधा के लिए 299 हैंडपंप रीबोर हुए हैं तथा 2778 की मरम्मत कराई जा चुकी है।
प्रधान मंत्री आवास योजना की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 2169 आवास पूरी तरह से बनकर तैयार हैं। जबकि इस महीने के अंत तक 382 आवास तैयार हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि किसानों के केवाईसी 2594 को डाटा फीड हो गया है। इसके साथ ही जिलाधिकारी द्वारा दिसंबर से ग्राम पंचायतों में एक सेंटर बनाकर जन समस्याओं को सुना जाएगा। कृषि क्षेत्र की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री फसली बीमा योजना समाप्त कर दी गई है। पराली जलाने पर रोक लगाते हुए बताया कि इसे किसान खेत में नष्ट करके खाद तैयार कर सकते हैं। किसानों के लिए खाद का कोई संकट नहीं है। इस मौके पर सदर विधायक सरिता भदौरिया, सावित्री कठेरिया, जिला अध्यक्ष अजय धाकरे, जिलाधिकारी श्रुति सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राजा गणपति आर, उपजिलाधिकारी सदर सिद्धार्थ के साथ सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह मौजूद रहे। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष नाथूराम गोयल ने प्रभारी मंत्री से भेंट की और समस्याओं के निराकरण के लिए प्रत्यावेदन दिया।