UP Board Results 2019 : 12 किमी का रोजाना सफर तय करके दृष्टि ने पाया मुकाम, अब आइएएस बनने की है चाहत
किसान की बेटी ने 12वीं की बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में पाया आठवां स्थान।
इटावा, जेएनएन। जसवंतनगर के सुघर सिंह इंटर कालेज की साइंस की छात्रा दृष्टि ने इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में उत्तर प्रदेश में आठवां स्थान पाया है। किसान की इस बेटी ने 12 किमी का रोजाना सफर तय करने के बाद यह मुकाम हासिल किया है। उसकी सफलता से परिवार और गांव वाले बेहद खुश हैं, वहीं दृष्टि अब स्नातक करके आइएएस बनने की तमन्ना रखती हैं।
सिरसा गांव निवासी संतोष कुमार एक किसान हैं और उनकी बेटी दृष्टि ने 12वीं बोर्ड की परीक्षा में प्रदेश में आठवां स्थान हासिल किया है। उन्होंने 500 में 464 अंक प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है। दृष्टि को 92.80 फीसद अंक मिले हैं। किसान पिता संतोष कुमार ने खेती किसानी करके बेटी को पढ़ाई के लिए गांव से छह किमी दूर भेजने का फैसला लिया था। दृष्टि बताती हैं कि वह रोजाना साइकिल से छह किमी विद्यालय जाती थी और फिर छह किमी वापस आती थी।
उन्होंने अपनी पढ़ाई का क्रम बनाया और कभी कालेज में अनुपस्थित नहीं हुई। उनकी मां मंजू देवी गृहणी हैं। दृष्टि बताती हैं कि उनका सपना आइएएस बनने का है, इसके लिए वह अपनी स्नातक की पढ़ाई पूरी करके तैयारी करेंगी। आइएएस ही क्यों के सवाल पर वह कहती है कि वह आइएएस बनकर देश सेवा करना चाहती है। वह कहतीं हैं कि साधारण परिवार में जन्म लेने के बावजूद वह लक्ष्य से पीछे नहीं हटेगी। राजनीति के सवाल को वह टाल गईं। दृष्टि बताती हैं कि वह परीक्षा के समय करीब 10 घंटे और प्रतिदिन चार से पांच घंटे पढ़ाई करती थीं।