सुबह घना कोहरा दिन में निकली चटक धूप
लोगों ने राहत की सांस बाजारों में चहल-पहल तापमान में नहीं आया खास बदलाव
जासं, एटा: मौसम का मिजाज बुधवार को फिर से बदल गया। सुबह के वक्त जहां घना कोहरा रहा, वहीं दोपहर में चटक धूप निकल आई और आसमान साफ हो गया। धूप के चलते लोगों ने राहत की सांस ली। बाजारों में भी अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक चहल-पहल रही।
सुबह के वक्त घना कोहरा था तथा वाहन भी लाइट जलाकर चल रहे थे। मौसम की स्थिति देख नहीं लग रहा था कि दिन में धूप निकलेगी मगर 10 बजे सूर्यदेव ने दर्शन दिए और आसमान साफ होता चला गया। एक बजे मौसम खुशनुमा नजर आया। पिछले पांच दिन से बाजारों में ग्राहक कम आ रहे थे मगर धूप निकलने पर पहले जैसी चहल-पहल नजर आई। बाबूगंज, गांधी मार्केट, घंटाघर, सुभाष मूर्ति सब्जी मंडी में रौनक देखी गई। रोडवेज बसों में कड़ाके की ठंड के चलते यात्रियों का बुरा हाल था, उन्हें भी राहत पहुंची है। वहीं रैन बसेरा मंगलवार रात को भी फुल रहा। यात्रियों को जब रैन बसेरा में जगह नहीं मिली तो वे रोडवेज बस स्टैंड के प्लेटफार्म सोते नजर आए। किसान इन दिनों खेतों पर काम कर रहे हैं। रात के वक्त भी किसान खेतों पर पानी दे रहे हैं। मौसम का मिजाज बदलने से उन्हें भी कुछ राहत मिली है। इस बीच तापमान में कोई खास बदलाव नजर नहीं आया। तापमान न्यूनतम नौ डिग्री व अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि मंगलवार को अधिकतम 20 और न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस था।