महापुर गांव में मार्ग पर जलभराव, कीचड़ से परेशानी
शिकायत के बाद भी प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया ग्रामीण समस्या को लेकर आक्रोशित
संसू, जलेसर(एटा): विकासखंड क्षेत्र के गांव महापुर में मुख्य मार्ग पर जलभराव और कीचड़ के हालात हैं। इससे ग्रामीणों को राह गुजरने में परेशानी होती है। शिकायत के बाद भी प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। ग्रामीण समस्या को लेकर आक्रोशित हैं।
गांव में मुख्य सड़क के कुछ हिस्से पर सीसी रोड तैयार करा दिया गया है, जबकि आधे से ज्यादा मार्ग तैयार नहीं कराया गया है। सड़क किनारे नालियों का अभाव है। इसे लेकर घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर ही एकत्रित होता है। इससे मार्ग पर लंबी दूरी तक जलभराव और कीचड़ के हालात बने हुए हैं। इससे लोगों को आने जाने में परेशानी होती है। सामान लेकर जाने वाले ग्रामीणों को दूर के लंबे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। उन्हें समय अधिक लगता है। ग्रामीण जल्द मार्ग तैयार न होने पर चुनाव बहिष्कार करने की बात कह रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई है। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। गांव के लोगों को परेशानी सामना करना पड़ता है। वहीं ग्राम प्रधान पवन कुमार प्रजापति ने बताया विकास कार्य कराने के लिए खाते में धनराशि नहीं है। बजट मिलते ही सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा। गांव में सड़क एवं नाली निर्माण के लिए जनप्रतिनिधि चुनाव के समय आश्वासन दे जाते हैं। चुनाव होने के उपरांत किसी का ध्यान इस ओर नहीं जाता है।
-भगवान सिंह पांच वर्षों से सड़क की समस्या के निदान के लिए प्रयास किया गया है। कुछ हिस्से में सीसी रोड बनवाने के बाद काम बंद कर दिया है।
-विनोद कुमार