असरौली और कसैटी में दो और लोगों की मौत
कसैटी में एक माह में गई 13 लोगों की जान असरौली में एक पखवाड़े में तीसरी मौत
एटा: शीतलपुर ब्लाक में बुखार की गिरफ्त में जकड़े गांव असरौली और कसैटी में मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार रात को असरौली की एक महिला और कसैटी के वृद्ध की मौत हो गई। दोनों ही लोगों को बुखार आने के बाद प्लेटलेट्स कम होने पर रेफर किया गया था।
दोनों ही गांवों में महीने भर से बुखार का प्रकोप बना हुआ है। कसैटी के हालात अधिक खराब हैं। यहां एक महीने में 12 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि सोमवार रात एक और मौत हो गई। 60 वर्षीय कुंदन सिंह को करीब दो सप्ताह पहले बुखार आया था। पहले स्थानीय चिकित्सकों के यहां इलाज चला। उनकी प्लेटलेट्स काफी कम हो गईं। चिकित्सकों ने हाथ खड़े कर लिए। स्वजन उन्हें पहले आगरा ले गए। यहां भी हालत में सुधार न आने पर स्वजन गुरुग्राम के अस्पताल में ले गए। सोमवार रात उनकी मौत हो गई। मंगलवार को शव यहां लाया गया। गांव में अभी भी तमाम लोग बुखार से पीड़ित हैं। इसमें दो दर्जन लोग डेंगू की चपेट में हैं।
दूसरी मौत निकटवर्ती गांव असरौली में हुई। यहां के रहने वाले कृष्णकांत की 22 वर्षीय पत्नी ज्योति को पिछले सप्ताह बुखार आया था। प्लेटलेट्स कम होते गए। स्वजन उन्हें लेकर अलीगढ़ गए। यहां भी फायदा न मिलने पर रविवार को आगरा के एक अस्पताल ले गए। वहां सोमवार रात ज्योति ने दम तोड़ दिया। इसी परिवार के तीन अन्य सदस्यों को डेंगू है, जो गंभीर हालत में आगरा में भर्ती हैं।