आज बरसेगा जमकर रंग, चौतरफा हुरियारे मस्त
रंग और गुलाल से सराबोर होने को हर कोई बेताब है। जिले भर में गुरुवार को होलिकोत्सव धूमधाम के साथ मनाया जायेगा। धुलिद्री पर रंग बिखेरने के लिए जहां हुरियारों में जोश पहले से ही दिखाई दे रहा है वहीं रंगों की बौछार का दौर पर्व की पूर्व बेला पर भी जगह-जगह दिखा।
एटा, जासं। रंग और गुलाल से सराबोर होने को हर कोई बेताब है। जिले भर में गुरुवार को होली का त्योहार धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। धुलिद्री पर रंग बिखेरने के लिए जहां हुरियारों में जोश पहले से ही दिखाई दे रहा है, वहीं रंगों की बौछार का दौर पर्व की पूर्व बेला पर भी जगह-जगह दिखा।
बुधवार को को दिन भर लोग मस्ती के रंगों में झूमते नजर आए। सुबह से बाजारों में खरीदारी और पर्व की तैयारी में दुकानदार और लोग दिखे। शहर के बाजारों में भी होली का दृश्य दिखाई दिया। भले ही महंगाई का असर सभी पर हो, लेकिन होली मनाने को हर कोई उत्सुक था। सबसे अधिक उत्साह होली पूजन को लेकर था। दिनभर होलिकोत्सव की तैयारियों के बीच जहां होली स्थलों पर होली बढ़ाने में युवा जुटे रहे तो घरों में भी रंगोली सजाकर होली स्थापित की गई। शहर व कस्बाओं के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी होली को लेकर जौ बांटने के लिए खेतों तथा अपने-अपने संसाधनों से बालियों की व्यवस्था करते लोग नजर आए। खरीदारी को बाजारों में रही भीड़
होली पर्व से एक रोज पूर्व शहर के बाजारों मे खरीदारी को खासी भीड़ रही। बच्चों ने जहां होली के रंग, अबीर गुलाल और मनपसंद पिचकारियों की खरीद की, तो वहीं महिलाओं ने मेवा, मिष्ठान और पकवान की आवश्यक वस्तुएं खरीदीं। सुबह से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला देर शाम तक शहर के बाजारों में बना रहा। जिसके चलते शहर के मैनगंज, घंटाघर, गांधी मार्केट, बाबूगंज में जहां भीड़ के चलते खासी अव्यवस्थाएं रहीं, वहीं जीटी रोड पर जाम के हालात दिनभर बने रहे। जगह-जगह हुआ होलिका पूजन
फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा पर होलिका पूजन के लिए महिलाओं और बच्चों में काफी उत्साह दिखाई दिया। हालांकि शहरी क्षेत्रों में भद्रा रहने तक होलिका स्थल पर सन्नाटा रहा, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में शाम से ही पूजन को भीड़भाड़ दिखी। जिलेभर में जगह-जगह होलिका का पूजन परंपरागत रूप से किया गया।
इस साल होली पूजन में भद्रा को लेकर देरी हुई। रेलवे रोड, आगरा रोड, कचहरी रोड, शिकोहाबाद रोड, विकास नगर, जेएलएन कॉलेज, संतोष नगर, श्रृंगार नगर, सुनहरी नगर आदि कई होली स्थलों पर देर शाम तक पूजन अर्चन को लेकर खासी भीड़भाड़ दिखाई दी। महिलाओं के साथ बच्चे भी पूजा अर्चना करने के लिए खासी संख्या में उनके साथ दिखे। कस्बा जलेसर, अलीगंज, अवागढ़, मारहरा, मिरहची, निधौलीकलां, सकीट, जैथरा आदि स्थानों पर भी होलिका पूजन को महिलाएं उमड़ते दिखीं।