कोहरे में तीन वाहन भिड़े, चार घायल
कोतवाली देहात क्षेत्र में आगरा रोड पर कोहरे में तीन वाहन भिड़ गए
एटा, जागरण संवाददाता : कोतवाली देहात क्षेत्र में आगरा रोड पर कोहरे में तीन वाहन भिड़ गए। इस हादसे में चार लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।
पिलुआ के ग्राम महाराजपुर निवासी हरी सिंह, उसका भतीजा शेर सिंह तथा गांव के ही हुब सिंह व सोनू आगरा से मटर बेचकर मैक्स पिकअप से वापस लौट रहे थे। आगरा रोड पर ग्राम नगला जसराम के निकट सड़क किनारे खड़े कैंटर से कोहरे के कारण मैक्स टकरा गई। इसके बाद पीछे से आ रही गाड़ी भी मैक्स से भिड़ गई। हादसे में हरी सिंह समेत चारों लोग मामूली रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलते ही पीआरबी मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने दुर्घटना ग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद घर भिजवा दिया।
दूसरी ओर बागवाला क्षेत्र में शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में मारहरा क्षेत्र के ग्राम खकरई निवासी राजेंद्र सिंह, रामदीन घायल हो गए। इसके अलावा पिलुआ क्षेत्र में नगरिया मोड़ के पास बस की चपेट में आकर ग्राम नगला सुंदर निवासी भरत सिंह घायल हो गया। घायल भरत सिंह ने दुर्घटना की रिपोर्ट संबंधित बस के अज्ञात चालक के खिलाफ दर्ज कराई है।