दिल्ली से अपहृत पांच वर्षीय बच्चे की एटा में हत्या
पिटाई के बाद से ही मानने लगा था रंजिश सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज
जागरण संवाददाता, एटा: दिल्ली से अपहृत बच्चे की एटा में हत्या कर दी गई। उसका शव जमीन में दबा मिला है। दिल्ली पुलिस ने हत्यारोपित रिश्ते के फूफा को गिरफ्तार कर शव को भी बरामद कर लिया है। आरोपित बच्चे को घर से चिप्स खिलाने के बहाने उठाकर लाया था।
फिरोजाबाद के रामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुतुकपुर चरौरा निवासी राजन सिंह पत्नी भूरी देवी व दो बच्चों के साथ गाजीपुर (दिल्ली) की राजवीर कालोनी स्थित गूजर बस्ती की गली नंबर चार में किराए पर रहता है। वह मजदूरी करता है। 15 जनवरी को राजन और उसकी पत्नी काम करने चले गए। घर पर दोनों बेटे मौजूद थे। शाम चार बजे रिश्ते का फूफा फिरोजाबाद जनपद के एका थाना क्षेत्र के ग्राम रुद्रपुर निवासी सुनील कुमार वहां आया और अमित को चिप्स खिलाने के बहाने घर से ले गया। सुनील भी गाजीपुर में ही रहकर मजदूरी करता है।
सुनील बच्चे को उसी दिन एटा के पिलुआ थाना क्षेत्र के ग्राम जयसिंहपुर ले आया,यहां उसकी मौसी रहती है। उसी रात बच्चे के हाथ-पैर प्लास्टिक की रस्सी से बांधने के बाद उसका गमछे से गला घोट दिया। शव को गांव के बाहर गड्ढा खोदकर दबा दिया। इधर,दिल्ली में जब शाम को दंपती घर लौटा तो अमित को गायब देख दंग रह गए। काफी तलाश के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। सूचना राजन सिंह ने गाजीपुर पुलिस को दी। पुलिस ने वहां रह रहे सुनील के भाई पुष्पेंद्र को हिरासत में ले लिया। इसके बाद सोमवार को सुनील भी गाजीपुर में ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर ली। अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय सिंह कुशवाह ने बताया कि दिल्ली से अगवा बालक की रंजिश के चलते रिश्ते के फूफा द्वारा हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि सुनील शव को दबाने के बाद ही मौसी के घर आया, उन्हें भी घटना के बारे में भनक नहीं लगने दी।
--
पिटाई का बदला लेने को की हत्या
मृतक के पिता राजन सिंह ने बताया कि एक साल पूर्व सुनील ने उसके मुहल्ले में ही रह रहीं भाभी आरती से अभद्रता कर दी थी। इसपर उसने, भाई राजकुमार और आसपास के लोगों ने सुनील की पिटाई कर दी थी। उसी दिन से सुनील रंजिश मानता आ रहा था। राजन सिंह ने बताया कि वह पिछले तीन साल से दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। उसे नहीं पता था कि सालभर पूर्व हुई घटना को लेकर सुनील मासूम बच्चे की ही हत्या कर देगा।