झमाझम बारिश से गिरा तापमान, गर्मी से मिली राहत
हाईवे सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर जलभराव होने के कारण कुछ समय तक यातायात रुका रहा
जासं, एटा: शहर के अंदर शुक्रवार को हुई एक घंटे की बारिश से तापमान गिर गया। इससे लोगों को गर्मी में काफी राहत मिली, हालांकि गलियों और सड़क पर जलभराव होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। हाईवे सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर जलभराव होने के कारण कुछ समय तक यातायात रुका रहा।
चार दिनों से गर्मी के तेवर तीखे थे। लोगों का दोपहर वक्त घर से निकलना दूभर हो रहा था। शुक्रवार को गर्मी से लोगों को उस वक्त राहत मिली, जब शहर के अंदर एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इससे तापमान 28 सेल्सियस पर आ गया। वहीं दूसरी तरफ एक घंटे तक हुई बारिश से शहर के हाथीगेट, शिकोहाबाद रोड, आगरा रोड, वर्णी जैन वाली गली, रेलवे रोड, बाबूगंज, जीटी रोड आदि जगहों पर जलभराव हो गया। इस कारण लोग घंटों तक घरों से निकल नहीं पाए। वहीं जिला कृषि अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि कई दिन बाद बारिश हुई है। यह अधिकांश किसानों के लिए हितकर है। नाले हुए ओवरफ्लो:
शहर के अंदर पिछले काफी समय से नालों की सफाई नहीं कराई गई है। इससे हल्की बरसात में ही नाले ओवरफ्लो हो जाते हैं। शुक्रवार को हुई तेज बारिश से शहर के अंदर कई जगहों पर नालों से पानी निकल नहीं सका। इसे लेकर सड़क किनारे कई जगहों पर जलभराव हो गया। पानी लोगों की दुकानों तक पहुंच गया। इससे व्यापारियों का सामान भी खराब हो गया।