टीबी ट्यूस्डे अभियान से लोग होंगे जागरूक
जासं, एटा: क्षय रोग को समाप्त करने एवं उससे बचने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने टीबी ट्यूस्डे अभियान शुरू किया है। हर मंगलवार को सभी ब्लाकों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस बार भी जिले की सभी ब्लाकों में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्कूली बच्चों को जागरूक किया। इसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बच्चों को क्षय रोग से बचाव और उसके उपचार के बारे में बताया।
सरकारी 2025 तक क्षय रोग को समाप्त करने के लिए कवायद कर रही है। उसी को लेकर जनपद में भी अलग से अभियान शुरू किया गया। इसे टीबी ट्यूस्डे का नाम दिया गया है। उसी को लेकर मंगलवार को जिले की अलग-अलग ब्लाकों में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उच्च एवं प्राथमिक विद्यालयों में पहुंचे। उन्होंने स्कूली बच्चों को क्षय रोग से बचाव के लिए बताया। इसके अलावा उन्होंने बताया कि रोग से ग्रसित होने पर किस तरह की सावधानी बरतनी चाहिए और क्या उपचार लेना चाहिए। इसी अभियान के दौरान 13 संदिग्ध बच्चों की सैंपलिंग कराई गई। जिनकी बलगम की जांच कराई जा रही है। जिला क्षय रोग अधिकारी डा. राजेश शर्मा ने बताया कि यह अभियान माह के प्रत्येक मंगलवार को सभी ब्लाकों में चलाया जाएगा। जागरूक करने के साथ ही संदिग्ध लोगों की सैंपलिंग करा उनकी जांच भी कराई जाएगी। ग्रसित मिलने वाले व्यक्ति का समुचित तरीके से उपचार कराते हुए टीबी को समाप्त किया जाएगा। अभियान के दौरान दिलीप शर्मा, अरविंद सिंह चौहान, आशीष पराशरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।