गणित के प्रवक्ता ने फैजाबाद में की खुदकुशी
दीपावली पर घर आए थे 19 नवंबर को छोटी बहन को साथ लेकर गए थे तरौली
मारहरा, एटा। दो दिन पूर्व घर से फैजाबाद जनपद गए गणित के प्रवक्ता ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। शनिवार सुबह शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
कस्बा के मुहल्ला मीरा की सराय निवासी 34 वर्षीय जंग बहादुर सिंह फैजाबाद जनपद के तरौली स्थित इंटर कालेज में गणित के प्रवक्ता थे। दीपावली पर वह घर आए हुए थे। स्वजन ने बताया कि 19 नवंबर को छोटी बहन पूनम को साथ लेकर वह तरौली गए हुए थे। 20 नवंबर को सुबह पांच बजे वह अपने किराए के आवास पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने कमरे में फंदा लगा लिया। जब बहन पूनम ने उन्हें फंदे पर लटका देखा तो दंग रह गई। सूचना बहन ने स्वजन को दी। इस पर परिवार के लोग फैजाबाद पहुंच गए। इधर, पोस्टमार्टम के बाद शनिवार सुबह उनका शव कस्बा मारहरा लाया गया। शव आने की खबर मिलते ही आसपास के तमाम लोग उनके आवास पर जमा हो गए। दोपहर को गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। घर से जाकर प्रवक्ता द्वारा खुदकुशी क्यों की गई, इस संबंध में स्वजन कुछ भी कहने को तैयार नहीं हैं। महिला ने फंदा लगाकर की खुदकुशी: कासगंज जनपद की महिला ने शनिवार शाम घर पर ही साड़ी का फंदा लगा लिया।
खुदकुशी का मामला ग्राम नगला हाथी में शनिवार शाम का है। यहां के निवासी अजय पाल की 35 वर्षीय पत्नी सर्वेश कुमारी की घरेलू समस्या को लेकर स्वजन से कहासुनी हो गई। इसके बाद वह साड़ी का फंदा लगाकर लटक गई, जब स्वजन ने उसे फंदे पर लटका देखा तो चीखपुकार मचा दी, जिस पर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। उसे बेहोशी की हालत में यहां के जिला अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। अमांपुर के इंस्पेक्टर गंगा सिंह से जानकारी की तो उनका कहना था कि कोई सूचना नहीं दी गई है।