गणित के प्रवक्ता ने फैजाबाद में की खुदकुशी
दीपावली पर घर आए थे 19 नवंबर को छोटी बहन को साथ लेकर गए थे तरौली
संवाद सूत्र, मारहरा: दो दिन पूर्व घर से फैजाबाद जनपद गए गणित के प्रवक्ता ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। शनिवार सुबह शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
कस्बा के मुहल्ला मीरा की सराय निवासी 34 वर्षीय जंग बहादुर सिंह फैजाबाद जनपद के तरौली स्थित इंटर कालेज में गणित के प्रवक्ता थे। दीपावली पर वह घर आए हुए थे। स्वजन ने बताया कि 19 नवंबर को छोटी बहन पूनम को साथ लेकर वह तरौली गए हुए थे। 20 नवंबर को सुबह पांच बजे वह अपने किराए के आवास पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने कमरे में फंदा लगा लिया। जब बहन पूनम ने उन्हें फंदे पर लटका देखा तो दंग रह गई। सूचना बहन ने स्वजन को दी। इस पर परिवार के लोग फैजाबाद पहुंच गए। इधर, पोस्टमार्टम के बाद शनिवार सुबह उनका शव कस्बा मारहरा लाया गया। शव आने की खबर मिलते ही आसपास के तमाम लोग उनके आवास पर जमा हो गए। दोपहर को गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। घर से जाकर प्रवक्ता द्वारा खुदकुशी क्यों की गई, इस संबंध में स्वजन कुछ भी कहने को तैयार नहीं हैं।