आगामी तीन साल कोई बड़ा कार्यक्रम नहीं करेगा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघः दत्तात्रेय होसबोले
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने कहा कि राष्ट्र के समक्ष चुनौतियां हैं, ऐसे में संघ के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है।
एटा (जेएनएन)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने कहा कि राष्ट्र के समक्ष चुनौतियां हैं, ऐसे में संघ के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है। आवश्यक है कि शाखाएं सुदृढ़ हों, ताकि प्रामाणिक स्वयंसेवकों का निर्माण हो सके। इसके लिए संपर्क और प्रवास को और अधिक गंभीर और गतिवान बनाया जाए। निचले स्तर पर पकड़ मजबूत करने के लिए संघ आगामी तीन साल कोई बड़ा आयोजन नहीं करेगा। वे शनिवार को ब्रज प्रांत के तीन दिवसीय पदाधिकारी शिविर के समापन सत्र में बोल रहे थे।
शाखा सुदृढ़ीकरण में लगेगी पर्याप्त ऊर्जा
इससे पूर्व तीन दिन चलीं बैठकों में तय किया गया कि शाखाओं को सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण बनाने पर जोर दिया जाएगा। शाखा के सुदृढ़ीकरण में पर्याप्त ऊर्जा लगे इसके लिए अगले तीन वर्ष किसी बड़े कार्यक्रम के आयोजन से भी परहेज किया जाएगा। योजना के अनुसार 15 से 25 नवंबर तक शाखाओं में गुणात्मक सुधार की दृष्टि से प्रवासी स्वयंसेवक दस दिन के लिए मंडल स्तर तक के प्रवास करेंगे। संपर्क के माध्यम से लोगों को जोड़ेंगे। अंतिम दिन 25 नवंबर को प्रवास के दौरान शाखा आए सभी स्वयंसेवकों का न्याय पंचायत स्तर पर एकत्रीकरण किया जाएगा। ब्रज प्रांत में 1175 न्याय पंचायतें हैं, इन सभी स्थानों पर यह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।