जलेसर विधानसभा पर सपा से रणजीत सुमन को टिकट
लगातार तीसरी बार विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे पिछली बार उन्हें भाजपा से पराजय का सामना करना पड़ा था
जासं, एटा : जलेसर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। यहां से पूर्व विधायक रणजीत सुमन को टिकट दिया गया है। वे लगातार तीसरी बार विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे, पिछली बार उन्हें भाजपा से पराजय का सामना करना पड़ा था।
रणजीत का नाम पहले ही फाइनल हो चुका था, सिर्फ घोषणा होना बाकी थी। सपा की आई सूची में उनका नाम है। सुमन पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन के पुत्र हैं और वर्ष 2012 में उन्होंने पहली बार सपा की टिकट पर जलेसर से विधानसभा का चुनाव लड़ा और जीते। उस समय उन्हें 55391 वोट मिले थे, उनका मुकाबला बसपा के ओमप्रकाश दलित से था, बसपा को 32827 वोट ही मिले। 2017 के चुनाव में सपा ने रणजीत सुमन को फिर से दोहराया, लेकिन दांव खाली गया। इस चुनाव में वे भाजपा के संजीव दिवाकर से चुनाव हार गए। दिवाकर को 81502 और सुमन को 61694 वोट मिले थे। समाजवादी पार्टी ने सुमन को अब तीसरी बार टिकट दिया है। जलेसर सीट पर सपा से पहले बसपा ने आकाश जाटव को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया था, भाजपा के प्रत्याशी की अभी घोषणा नहीं हुई है, कांग्रेस का उम्मीदवार भी आना बाकी है।
गांवों में फोर्स ने किया फ्लैग मार्च: उप जिलाधिकारी अलीगंज मानवेन्द्र सिंह, क्षेत्राधिकारी राजकुमार ने अर्ध सैन्य बलों, पुलिस बल के साथ अलीगंज विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत कस्बा अलीगंज, टपुआ, किनोडी, नगला जैत, पुराहर, बझेरा, फरसौली आदि ग्रामों में फ्लैग मार्च किया।
उप जिलाधिकारी ने इस दौरान ग्रामों में भ्रमण कर मतदाताओं सहित अन्य नागरिकों से अपील की कि किसी भी मतदाता को डरने की जरूरत नहीं हैं। प्रत्येक बूथ पर आयोग द्वारा पर्याप्त फोर्स लगाया जा रहा है। बीएसएफ के अधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिसकर्मी शामिल रहे।