सपा ने प्रदर्शन कर सरकार को घेरा
सपाई बोले प्रदेशभर में कानून व्यवस्था हो रही लचर पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में हो रही हत्या
एटा: समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए सरकार पर कानून व्यवस्था न संभलने का आरोप लगाया। कलक्ट्रेट पहुंच एसडीएम सदर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा। इसमें महिला अपराधों के बढ़ते हुए ग्राफ और पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के सामने हो रही हत्या की घटना पर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया।
सपा जिलाध्यक्ष परवेज जुबैरी ने कहा कि प्रदेश भर में हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार जैसी जघन्य अपराधिक घटनाएं हो रही हैं। भाजपा सरकार इन पर नियंत्रण करने में पूरी तरह से विफल हो रही है। अपराधी बेलगाम होकर बिना किसी संकोच के घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। अपराधी पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के सामने ही हत्या जैसी घटना को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस के पकड़ने पर आरोपियों को छुड़ाया जा रहा है। वर्ष 2017 से महिला अपराधों की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सरकार दलित, वंचितों और समाज के कमजोर वर्ग के लोगों के हितों की अनदेखी कर रही है। हाथरस में हुई घटना में पुलिस ने रात में शव जलाकर मानवता को ठेस पहुंचाई है। हाथरस के साथ ही बलरामपुर, आजमगढ़, बुलंदशहर, भदोही, लखनऊ, बाराबंकी, बागपत, मेरठ, अलीगढ़, प्रयागराज आदि जगहों पर भी हैवानियत की घटनाएं हुई हैं। ऐसे में लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिता में पड़े हुए हैं। सरकार के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए और भी आरोप लगाए। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेन्द्र सिंह यादव, पूर्व विधायक अमित गौरव टीटू और रणजीत सुमन, सुनील यादव, सीटू यादव, अनिल यादव, जिला महा सचिव भूपेन्द्र प्रजापति, रविकांत, रंजीत यादव, देवेन्द्र, धर्मवीर सिंह, शशि प्रभा शाक्य, सुखवेंद्र सिंह, डा. राजकुमारी धनगर, सौरभ सिंह, सावित्री कश्यप, नीरज राघव, फईमुददीन वारसी, शीला प्रजापति, सुमन यादव, वीरेश यादव, पवन कुमार, राजकुमार, सत्येन्द्र सिंह आदि लोग मौजूद थे।