साहब! हम गांव छोड़ रहे, दबंगों से पीड़ित परिवार की गुहार
संसू, अलीगंज : साहब! गांव के दबंग नहीं जीने दे रहे। आये दिन बेटी को दबंग परेशान करते हैं, इसलिए उसे ननिहाल भेजना पड़ा है। पूरे परिवार के साथ मारपीट की जाती है। दबंगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई, मगर गिरफ्तारी नहीं हुई। कई शिकायतें पुलिस से की गईं, मगर उन्होंने चुप्पी साध ली। यह कहना है राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के गांव लुहारी खेड़ा की रहने वाली बेबी का। यहां की रहने वाली बेबी के परिवार को दबंग सता रहे हैं। बेबी ने अब गांव छोड़ने की धमकी प्रशासन को दी है। साथ ही लिखित शिकायत डीएम से की है।
मामला ग्राम लुहारीखेड़ा का है। गांव की बेबी पत्नी सुधीर कुमार अपने पुत्र शिवा व आलोक एवं पुत्री अम्बिका व शशि के संग गांव में रहती है। गांव के ही रहने वाले सोनू व अनूप पुत्रगण जगदीश, अर्जुन व रजनेश पुत्रगण जगन सिंह तथा उसके परिवार के सदस्य पीडि़ता के साथ मारपीट करते रहते हैं। पीड़िता ने 27 जून को उक्त लोगों के खिलाफ थाना राजा का रामपुर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने मारपीट आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसके चलते आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए।
पीडि़ता का कहना है कि आरोपी अब धमकियां देते हैं कि अभी तक तो कुछ ज्यादा नहीं किया, लेकिन अब बहुत कुछ कर देंगे। इससे डर कर महिला ने बेटी को उसकी ननिहाल भेज दिया। पीड़िता गरीब है और डरी सहमी है। पीड़िता बेबी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। पीडि़ता को अगर जल्द ही न्याय नहीं मिला तो वह अपने परिवार के साथ गांव छोडने को मजबूर होगी।