पूर्व असलहा बाबू महेश यादव की सेवा समाप्त
आय से अधिक संपत्ति सहित कई मामलों में कराई गई थी जांच दोषी पाए जाने पर की गई कार्रवाई
पूर्व असलहा बाबू महेश यादव की सेवा समाप्त
जागरण संवाददाता, एटा : पूर्व में असलहा बाबू रहे महेश यादव की शासकीय सेवा समाप्त कर दी गई। वर्तमान में वे जलेसर तहसील में सहायक नासिल नवीस पद पर तैनात थे। उनके विरुद्ध कई मामलों में जांचें चल रही थीं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जिलाधिकारी अंकित अग्रवाल ने शासकीय सेवा से उन्हें मुक्त कर दिया।
महेश यादव के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति के अलावा अन्य तरह की कई शिकायतें थीं। तत्कालीन जिलाधिकारी विजय किरन आनंद ने भी शिकायतों के आधार पर महेश को निलंबित कर दिया था। उन पर यह आरोप भी थे कि वह शासन के निर्देशों की अवहेलना कर रहे हैं और अधिकारियों के आदेश को भी नहीं मानते। अन्य तरह की अनियमितताओं के संबंध में भी आरोप लगते रहे। बाद में प्रशासन ने असलहा बाबू पद से हटाकर जलेसर तहसील में तबादला कर दिया था, जहां सहायक नासिल नवीस (एडब्ल्यूबीएम) बनाया था। इस दौरान उनके विरुद्ध विभिन्न स्तरों से जांचें चलती रहीं। जांच के दौरान अनियमितताओं की पोल खुल गई। अधिकारी जो आदेश देते थे उनका भी अनुपालन नहीं किया जाता था, अब उनकी सेवा समाप्त कर दी गई। जिलाधिकारी अंकित अग्रवाल ने बताया कि कई मामलों में महेश यादव की जांच कराई गई थी, जिसमें तमाम अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद उनकी शासकीय सेवा समाप्त कर दी गई है।