गणतंत्र दिवस आज, एटा में चहुंओर उत्साह
दिनभर चलती रहीं तैयारियां आकर्षण होगी पुलिस लाइन परेड कोविड गाइड लाइन का पालन सभी को जरूरी
जासं, एटा: बुधवार को गणतंत्र दिवस पर जिलेभर में तिरंगा शान से लहराएगा। कोरोना संक्रमण तथा खराब मौसम के बावजूद चारों ओर उत्साह का माहौल है। सभी आयोजनों में कोरोना गाइड लाइन का पालन जरूरी होगा। गणतंत्र के जश्न के लिए प्रतिमा स्थलों को सजाया गया है। प्रशासन व तमाम सामाजिक संगठन भी गणतंत्र दिवस की तैयारियों में जुटे रहे।
यहां बता दें कि कोरोना वायरस का संक्रमण चल रहा है फिर भी पूरी सुरक्षा तथा गाइड लाइन का पालन करते हुए गणतंत्र का जश्न धूमधाम से मनाने की तैयारी है। सुबह स्टेडियम में क्रास कंट्री रेस का आयोजन किया जाएगा। वहीं कलक्ट्रेट पर ध्वजारोहण होगा। पुलिस लाइन में गणतंत्र की परेड के लिए कई दिनों से चल रही तैयारियों के बाद एसएसपी तिरंगा फहराएंगे। वहीं यहां परेड के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। शिक्षण संस्थानों में सुबह 10 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। भले ही 30 जनवरी तक स्कूल बंद रखने के निर्देश हैं।
राष्ट्रीय पर्व से पूर्व शहर में महापुरुषों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की प्रतिमा रंग-बिरंगी झालरों से झिलमिलाते नजर आईं। हर जगह सफाई कराई गई है, सभी निकायों में भी ध्वजारोहण होगा। इस बीच बाजारों में तिरंगा झंडों की खूब बिक्री हुई। भले ही स्कूलों में कोरोना के चलते विद्यार्थियों को आवश्यक रूप से उपस्थित रहने को नहीं कहा गया, लेकिन बच्चों ने घरों पर भी रहते हुए गणतंत्र दिवस मनाने के लिए अभिभावकों से झंडे व तिरंगा पट्टे मगाए। लोगों ने अपने घरों तथा वाहनों पर एक दिन पहले से ही राष्ट्रध्वज लगा रखे हैं। बच्चे भी खूब खरीदारी करते हुए देखे गए। चौतरफा गणतंत्र का उत्साह नजर आ रहा है। शहर के घंटाघर बाजार में मिष्ठान की तैयारी और आर्डर पहले से ही शुरू हो गए। शांति, सुरक्षा को भी इंतजाम
--चुनावी माहौल में राष्ट्रीय पर्व को शांतिपूर्ण मनाए जाने के लिए पुलिस प्रशासन भी सक्रिय दिखा। बस स्टैंड सहित सार्वजनिक स्थलों पर चेकिग अभियान सहित मुख्य बाजारों में भी पुलिस की निगरानी रही। पहले से ही धारा 144 लागू होने की स्थिति में शांति व सुरक्षा व्यवस्था को प्रशासन और सजग दिखा।