दो साल से सफाई कर्मचारियों को नहीं मिला बोनस
जल्द भुगतान न होने पर कर्मचारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी
जासं, एटा: दो साल से नगर पालिका में तैनात सफाई कर्मचारियों को बोनस नहीं मिला है। जल्द भुगतान न होने पर कर्मचारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
सरकार स्थाई सफाई कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए हर साल पांच से सात हजार रुपये की धनराशि नगर पालिका के माध्यम से उपलब्ध कराती है। दो वर्षो से कर्मचारियों को यह बोनस राशि नहीं दी गई है, जबकि शासन ने धनराशि नगर पालिका को उपलब्ध करा दी है।
सफाई मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष मुकेश पहलवान, प्रदेश संगठन मंत्री दिनेश पहलवान और मंडल अध्यक्ष राजू विद्यार्थी ने कहा कि यदि बोनस की धनराशि अधिकारी स्थाई कर्मचारियों को जल्द उपलब्ध नहीं कराएंगे तो वे आंदोलन करने का मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि स्थाई सफाई कर्मचारियों की संख्या पालिका में सौ से अधिक है। नगर पालिका ईओ डा. दीप कुमार वाष्र्णेय ने कहा कि मुख्य आफिस कर्मचारियों का वेतन देने के लिए भी शासन से ग्रांट नहीं आई है। मई और जून का वेतन 14 वें वित्त आयोग से दिया गया है। जबकि उनका वेतन राज्य वित्त आयोग से निर्गत होता है। शासन से बजट मिलते ही कर्मचारियों को बोनस की राशि उपलब्ध कराई जाएगी।