पंचायत चुनाव: एटा जिले में पहुंचे 49.47 लाख मतपत्र
प्रस्तावित सूचियों के मुताबिक एक लाख 18 हजार 680 मतदाता
जासं, एटा: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की शुरुआती तैयारियों में मतपत्रों की व्यवस्था कर ली गई है। जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत व ग्राम पंचायत सदस्य तथा ग्राम प्रधान पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। उधर, मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दावे-आपत्तियों के निस्तारण का समय बीत गया है। अब सूचियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। इसे मद्देनजर रखते हुए चुनाव आयोग के निर्देश पर तैयारियों को रफ्तार दे दी गई है। मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण अंतिम दौर में है। प्रस्तावित सूचियों के मुताबिक एक लाख 18 हजार 680 मतदाता हैं। हालांकि अभी दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची नहीं आई है। इसमें अभी और नाम बढ़ना तय माना जा रहा है। इसी के आधार पर मतपत्रों को प्रकाशित करा लिया गया है। पूर्व में दिल्ली से 47.35 लाख मतपत्र प्राप्त हुए थे। इनमें सभी पदों की श्रेणी शामिल थीं। अब लखनऊ से प्रधान पद के 2.12 लाख मतपत्र भेजे गए हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सुधाकर मैथिल ने बताया कि पंचायत चुनाव की तैयारियां तेजी की जा रही हैं। जरूरत के अनुसार सभी मतपत्र प्राप्त हो चुके हैं। मतपेटिकाओं आदि की भी तैयारी कराई जा रही है। किस पद के लिए कैसा मतपत्र:
मतदाताओं की सुविधा और मतदान तथा मतगणना में सहूलियत के लिए हर पद के मतपत्रों का रंग अलग रखा गया है। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए गुलाबी, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए नीला, ग्राम प्रधान के लिए हरा और ग्राम पंचायत सदस्य के लिए सफेद रंग का मतपत्र मतदाताओं को दिया जाएगा।