राम मंदिर निर्माण के बाद सौंपा जाएगा 2100 किलो का घंटा
जलेसर में निर्मित 2100 किलो पीतल का घंटा अब अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद सौंपा जाएगा।
एटा, जागरण संवाददाता। जलेसर में निर्मित 2100 किलो पीतल का घंटा अब अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद सौंपा जाएगा। राम मंदिर ट्रस्ट की तरफ से आश्वासन दिया गया है कि घंटे को उचित स्थान पर लगाया जाएगा।
घंटे का निर्माण पूरा हो चुका है और इसे बनवाने वाले जलेसर के व्यापारी एवं पालिकाध्यक्ष विकास मित्तल और उनके भाई प्रशांत व आदित्य मित्तल दिल्ली स्थित विहिप के केंद्रीय कार्यालय पहुंचे और वहां राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय से मुलाकात की। उनसे अनुरोध किया कि जलेसर में बने घंटे को राम मंदिर में लगाया जाए, इस पर ट्रस्ट के महासचिव ने आश्वासन दिया कि मंदिर का निर्माण होने के बाद उचित स्थान पर जलेसर का घंटा लगाया जाएगा। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि उनके पिता सत्यशील मित्तल ने घंटा बनवाने के लिए प्रेरित किया था। यह घंटा राम मंदिर में लगेगा तो जलेसर का नाम भी रोशन होगा। उन्होंने कहा कि विहिप नेता ने मंदिर में घंटा स्थापित करने का आश्वासन दिया है। राम मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद यह घंटा ट्रस्ट को सौंप दिया जाएगा।