कूड़े से तैयार होगी किसानों के लिए जैविक खाद
समिति के माध्यम से निर्धारित मूल्य पर मुहैया कराई जाएगी इससे नगर पालिका की आमदनी भी बढ़ेगी
जासं, एटा: शहर के बाहर लंबे समय से कूड़ा डंप किया गया है, जिसका निस्तारण करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मशीनों के माध्यम से कूड़े से किसानों के लिए जैविक खाद तैयार कराई जाएगी। जिसे किसानों को समिति के माध्यम से निर्धारित मूल्य पर मुहैया कराई जाएगी। इससे नगर पालिका की आमदनी भी बढ़ेगी।
अब शहर से निकलने वाले कूड़े से भी पालिका अपनी आमदनी बढ़ाएगी। इसे लेकर कूड़ा निस्तारण कार्यक्रम शुरू किया गया है। कचरे का निस्तारण अलग-अलग तरीकों से होगा। इसकी शुरूआत जीटी रोड किनारे जमा कूड़े से की जाएगी। मशीनें लगाने के लिए फाउंडेशन तैयार कराया जा चुका है। इसके बाद ट्रोनर मशीनों के माध्यम से कूड़े का निस्तारण होगा। इस प्रक्रिया से किसानों के लिए जैविक खाद तैयार की जाएगी। जबकि प्लास्टिक, लोहा आदि को अलग करके एनर्जी प्लांट पर भेजा जाएगा। जिसकी एवज में पालिका को धनराशि मिलेगी। कूड़े से तैयार होने वाली खाद किसानों के खेतों में प्रयोग की जाएगी। इससे किसान अपने खेतों में जैविक खेती को बढ़ावा दे सकेंगे। किसानों को किस भाव में जैविक खाद मिलेगी। इसके लिए जिलास्तरीय समिति का गठन किया जाएगा। जिसके माध्यम से जैविक खाद के मूल्य निर्धारित किए जाएंगे। उसके बाद किसानों को खाद उपलब्ध हो सकेगी।
वहीं नगर पालिका अधिशासी अधिकारी डा. दीप कुमार वाष्र्णेय ने बताया कि फरवरी से कूड़ा निस्तारण का काम तेजी से होगा। हर रोज मशीनों के माध्यम से आठ हजार टन से अधिक कचरे का निस्तारण किया जाएगा।