बूंदाबांदी से हुई सुबह सुहानी, फिर रही उमस
जागरण संवाददाता, एटा: सुबह के वक्त हुई बूंदाबांदी के चलते कुछ देर के लिए मौसम सुहाना हो गया। बाद में
जागरण संवाददाता, एटा: सुबह के वक्त हुई बूंदाबांदी के चलते कुछ देर के लिए मौसम सुहाना हो गया। बाद में फिर हालात जस के तस हो गए। दिन में भारी उमस रही और भीषण गर्मी ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया। बारिश से सड़कें भी ढंग से गीली नहीं हो पायीं। आसमान में दिनभर बादल छाए रहे। बीच में कभी-कभी धूप भी निकलती रही। दिन में गर्मी से कोई राहत लोगों को नहीं मिल सकी।
लोग जब सुबह सोकर उठे तो आसमान में बादल छाए हुए थे। स्थिति देखकर लग रहा था कि बारिश होगी। 7.30 बजे के लगभग सूरज ने दर्शन दे दिए और आठ बजे फिर से बादल छा गए तथा बूंदें पड़ने लगीं। बौछारों का वेग तेज हुआ तो लगा कि शायद देर तक बारिश होगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और थोड़ी ही देर में हल्की धूप निकल आई। धूप निकलते ही उमस बढ़ना शुरू हो गई, जो दिनभर जारी रही। 11 बजे के लगभग तपती दोपहरी का अहसास हो रहा था। इतना जरूर था कि हवा गर्म नहीं थी, जिसकी वजह से हीटस्ट्रॉक जैसी स्थिति नहीं बनी, लेकिन उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। यह स्थिति निरंतर शाम तक बनी रही। बीच तापमान 45 डिग्री आंका गया।
अलीगंज: आधा घंटे बरसात के बाद हुई उमस भरी गर्मी के चलते लोगों के सामने काफी दिक्कतें आ गयी है। शुक्रवार को आधा घंटे हुई झमाझम बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली परंतु उसके बाद गर्मी कम होने का नाम नहीं ले रही है। गर्मी व उमस के कारण लोग परेशान हैं। तेज निकली धूप लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई। गर्मी से बेहाल लोग शीतल पेय का सहारा ले रहे है। उन्हें गर्मी से कोई राहत नहीं मिल रही है। गर्मी से बचने के लिए लोगों के द्वारा तरह-तरह के उपाय किए जा रहे हैं। भीषण गर्मी के कारण हर घंटे तार टूट जाते है और घंटो शटडाउन बना रहता है। गर्मी से बचने के लिए अधिकतर लोग सौर ऊर्जा का इस्तेमाल कर रहे है इसके बावजूद भी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।