एटा, जेएनएन। कोरोना वारयस यहां विद्युत विभाग में पहुंच गया। विभाग के एक अवर अभियंता कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिसके बाद से विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों की नींद उड़ गई है। तमाम अफसर-कर्मी क्वारंटाइन हो गए हैं। 25 साल के यह जेई अलीगढ़ के रहने वाले हैं। यहां ट्रांसफारमर वर्कशॉप में उनकी तैनाती थी। कुछ दिन पहले उन्हें बुखार आया। जिसके बाद 29 मई को वह अलीगढ़ अपने घर चले गए। वहां निजी चिकित्सकों से उपचार लेते रहे। लेकिन सही न होने पर उन्होंने 4 जून को अपनी कोरोना जांच कराई। 8 जून की रात आई रिपोर्ट में उन्हें पॉजिटिव पाया गया। उन्हें वहीं भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया। जबकि यह खबर यहां मिलने के बाद विभाग में खलबली की स्थिति बन गई। खासतौर से वर्कशॉप के उनके साथी अधिकारी-कर्मचारी अधिक परेशान हैं। यहां आठ लोग काम करते हैं, जिन्हें होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने जेई के संपर्क में आए अन्य लोगों तथा लक्षण वाले लोगों की पहचान शुरू कर दी है। वर्कशॉप को बंद कर सेनेटाइजेशन कराया जा रहा है। यह भी जानकारी मिली है कि पॉजिटिव पाए गए जेई कासगंज में रहते थे, वहीं से रोजाना आवागमन करते थे। कासगंज के जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को भी कार्रवाई के लिए जानकारी दे दी गई है।
पॉजिटिव केस की संख्या पहुंची 51
रविवार आये नये केस की रिपार्ट के बाद जिले में कुल पॉजिटिव केस की संख्या बढ़कर 51 हो गई है। इनमें से दो लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 33 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
पॉजिटिव पाए गए सभी लोगों के कांटेक्ट में रहे व्यक्तियों की जानकारी की जा रही है। जिन्हें क्वारंटाइन कर जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही सभी संबंधित क्षेत्रों में हॉटस्पॉट के तहत कार्रवाई की जाएगी। गांव और आसपास के मुहल्लों में मेडिकल टीमें भेजकर लोगों का सर्वे कराया जाएगा।
- डॉ. अजय अग्रवाल, सीएमओ
एटा में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे