LIVE Etah CoronaVirus News Update: एक दिन में सात पॉजिटिव, एक की मौत
LIVE Etah CoronaVirus News Update आगरा जिला प्रशासन ने शव का अंतिम संस्कार वहीं करा दिया। सीएमओ डॉ. अजय अग्रवाल ने उसकी मौत की पुष्टि की है।
एटा, जेएनएन। कोरोना को लेकर गुरुवार को दिन जिले के लिए हड़कंप भरा रहा। एक ही दिन में रिकॉर्ड सात पॉजिटिव केस मिले हैं। शहर में पिछले सप्ताह मुंबई से दस लोग आए थे। जो इस्लामनगर और नई बस्ती में रुके। लोगों की सूचना पर इन्हें 30 मई को नई बस्ती से लाकर सेंट मैरीज स्कूल में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में भर्ती कराया गया था। जांच रिपोर्ट में 55 और 26 वर्ष की दो महिलाएं पॉजिटिव घोषित की गई हैं। इनके अलावा 30 मई को ही शहर के मुहल्ला नई बस्ती की रहने वाली 60 वर्षीय महिला को इसी क्वारंटाइन सेंटर में भर्ती कराया गया था। वह भी पॉजिटिव आई है। अन्य चार मामले अलीगंज विकासखंड क्षेत्र के गांव कलुआ टीलापुर के हैं। 26, 27 और 30 वर्ष के तीन भाई और 27 वर्ष का एक इनका एक मित्र एक गाड़ी द्वारा दिल्ली से 26 मई को अपने गांव आए थे। इन्हें 30 मई को जेएलएन क्वारंटाइन सेंटर में लाकर भर्ती कराया था। उधर, सकीट क्षेत्र के गांव शेखपुरा का रहने वाला 40 वर्षीय व्यक्ति 29 मई को आगरा में पॉजिटिव पाया गया था। वह डायबिटीज का मरीज था। जिसे गंभीर हालत में परिवारीजन एसएन मेडिकल कालेज ले गए थे। जहां जांच में वह कोरोना पॉजिटिव भी पाया गया। बुधवार-गुरुवार की रात उसने वहां दम तोड़ दिया। आगरा जिला प्रशासन ने शव का अंतिम संस्कार वहीं करा दिया। सीएमओ डॉ. अजय अग्रवाल ने उसकी मौत की पुष्टि की है।
पॉजिटिव केस की संख्या पहुंची 47
गुरुवार को सात नए मामले मिलने के साथ ही जिले में कुल पॉजिटिव केस की संख्या बढ़कर 47 हो गई है। इनमें से दो लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 10 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 35 लोगों का इलाज एटा, अलीगढ़ और सैफई मेडिकल कालेज में चल रहा है।
पॉजिटिव पाए गए सभी लोगों के कांटेक्ट में रहे व्यक्तियों की जानकारी की जा रही है। जिन्हें क्वारंटाइन कर जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही सभी संबंधित क्षेत्रों में हॉटस्पॉट के तहत कार्रवाई की जाएगी। गांव और आसपास के मुहल्लों में मेडिकल टीमें भेजकर लोगों का सर्वे कराया जाएगा।
- डॉ. अजय अग्रवाल, सीएमओ