दिल्ली से आए मजदूर ने की खुदकुशी
पुल के पास लटका मिला शव पिलुआ थाना क्षेत्र में हुई घटना के पीछे पारिवारिक कलह
जासं, एटा: पिलुआ थाना क्षेत्र में दिल्ली से लौटे मजदूर ने गमछे का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। ग्रामीणों ने शव पेड़ पर लटका देखा तो जानकारी स्वजन को दी। पुलिस ने घटना के संबंध में स्वजन से पूछताछ की। खुदकुशी के पीछे पारिवारिक कलह बताई जा रही है।
रविवार शाम ग्राम कुतुकपुर निवासी 55 वर्षीय राजवीर सिंह दिल्ली से घर आए थे। खाना खाने के बाद वह बगैर बताए घर से निकल गए। जब देर रात तक वह नहीं लौटे तो स्वजन ने उनकी तलाश की। काफी प्रयास के बाद भी उनका कुछ पता नहीं चला। सोमवार सुबह बंथल नहर पुल की ओर गए ग्रामीणों ने पेड़ पर शव लटका देखा तो सूचना स्वजन को दी। रोते-बिलखते स्वजन मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना मृतक के भतीजे मुकेश कुमार द्वारा पुलिस को दी।
स्वजन ने पुलिस को बताया कि राजवीर सिंह दिल्ली की गल्ला मंडी में मजदूरी करते थे। शाम को घर आकर उन्होंने खाना खाया। इसके बाद वह घर से चले आए। वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि मजदूर द्वारा की गई खुदकुशी के पीछे पारिवारिक कलह बताई जा रही है।