सड़क हादसे में घायल किसान की मौत
निधौली कलां थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से घायल किसान क
जागरण संवाददाता, एटा : निधौली कलां थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से घायल किसान को जिला अस्पताल से आगरा रेफर किया गया था। वहां इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे की रिपोर्ट मृतक के भाई ने दर्ज कराई है।
रविवार दोपहर जिला अस्पताल से ग्राम गोकुलपुर निवासी घायल 55 वर्षीय किसान निरोत्तम सिंह की हालत खतरे में देखते हुए उन्हें आगरा रेफर किया गया था। स्वजन ने बताया कि इलाज के दौरान आगरा के अस्पताल में उनकी मौत हो गई। इसके बाद स्वजन उनके शव को एटा ले आए। सोमवार को पोस्टमार्टम गृह पर मौजूद चोब सिंह ने बताया कि उसके छोटे भाई निरोत्तम सिंह साइकिल से ग्राम सोरखा के समीप से गुजर रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी। वरिष्ठ उपनिरीक्षक पुलकित शर्मा ने बताया कि मृतक के भाई चोब सिंह की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
थ्रेसर से किशोरी का पैर कटा, गंभीर: निधौली कलां क्षेत्र में गेहूं की फसल की गहाई करते समय किशोरी थ्रेसर के पटा में उलझ गई, जिससे उसका पैर कट गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने हालत चिताजनक देखते हुए उसे आगरा रेफर कर दिया।
हादसा ग्राम नगला खिल्ली में सोमवार दोपहर का है। गांव के निवासी अमर सिंह के परिवार के लोग गेहूं की फसल की गहाई कर रहे थे। उसकी 16 वर्षीय बेटी कविता भी मदद कर रही थी। तभी अचानक वह थ्रेसर के पटा में उलझ गई। जब तक ट्रैक्टर चालक ने थ्रेसर बंद किया, तब तक वह बुरी तरह लहूलुहान हो चुकी थी। स्वजन द्वारा उसे जिला अस्पताल के आपात कक्ष में भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने किशोरी की हालत चिताजनक देखते हुए उसे आगरा रेफर कर दिया।