बिटिया को इंसाफ के लिए सड़क पर उतरे लोग
सपाइयों ने रखा मौन व्रत मारहरा में कैंडल मार्च विरोध प्रदर्शन का दौर जारी लोग गुस्से में
जासं, एटा: हाथरस की बिटिया को इंसाफ दिलाने के लिए जन-जन की जंग जारी है। लोग गुस्से में हैं। विपक्षी पार्टियां भी कमर कसकर विरोध कर रही हैं।
हाथरस कांड के विरोध में कांग्रेस, सपा, बसपा समेत सभी विपक्षी पार्टियां मुखर हैं। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता कलक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर एकत्रित हुए। यहां पार्टी के जिलाध्यक्ष परवेज जुबैरी ने कहा कि हाथरस की बिटिया को भाजपा सरकार इंसाफ नहीं दे पा रही। हाथरस के अधिकारी मनमानी पर उतारू हैं और नेताओं से बदसलूकी कर रहे हैं। अगर कोई दुख-दर्द बांटने जाता है तो उसे जाने नहीं दिया जाता। ऐसे में न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं।
मारहरा के पूर्व विधायक अमित गौरव यादव ने कहा कि जब तक योगी सरकार प्रदेश में है तब तक अत्याचार नहीं रुकने वाले। पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रंजीत सिंह यादव ने कहा कि योगी सरकार को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए। पूर्व विधायक अजय यादव ने कहा कि जब तक भाजपा की सरकार है तब तक न्याय की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। जलेसर के पूर्व विधायक रणजीत सुमन ने कहा कि हाथरस प्रशासन द्वारा सपाइयों को पीड़िता के गांव तक न जाने देना अनुचित है। पार्टी के जिला महासचिव भूपेंद्र प्रजापति, पूर्व जिलाध्यक्ष अशरफ हुसैन, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष फईमुद्दीन वारसी, शशांक यादव, राजू यादव, दीपक यादव, संदीप यादव, सरफराज अहमद, अनिल प्रधान, डा. राजकुमारी धनगर, शशि प्रभा शाक्य, तहसीलदार सिंह बघेल, गौरव प्रजापति, जमशेद आलम, इकरार अहमद आदि मौजूद रहे।
मारहरा में सपा जिलाध्यक्ष परवेज जुबैरी के नेतृत्व में शाम के वक्त कैंडल मार्च निकाला गया। हसनैन चौधरी, संजय, अनिल, ईदल, अर्जुन, गणपति, रोहिताश्व, अमर, चंदन आदि मौजूद रहे। जुलूस में शामिल लोगों ने नारेबाजी की। एटा शहर में बालिकाओं ने शहीद पार्क में कैंडल जलाए।