फायरिग रेंज पर चलाई गोली से बालिका घायल
जिला अस्पताल से किया आगरा रेफर मंगलवार दोपहर हुई घटना आक्रोश
जागरण संवाददाता, एटा: पिलुआ क्षेत्र में स्थित पीएसी की फायरिग रेंज पर निशानेबाजी की रिहर्सल के दौरान चलाई गोली बालिका के पैर में जा लगी। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसे आगरा रेफर कर दिया गया है। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है।
निधौली कलां रोड स्थित एफसीआइ गोदाम के पास पीएसी की फायरिग रेंज है। रोजाना पुलिस और पीएसी के जवानों का निशानेबाजी का रिहर्सल चलता रहता है। मंगलवार को रिहर्सल के दौरान चलाई गोली कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम बिजौरी में घर से सौ मीटर दूर खेल रही जितेंद्र सिंह की चार वर्षीय बेटी पलक के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल हो गई। बालिका के गोली लगने की जानकारी मिलते ही स्वजन व ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। घायल को जिला अस्पताल के आपात कक्ष में भर्ती कराया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद बालिका को आगरा रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना था कि फायरिग रेंज से चलाई जाने वाली गोलियां घरों और खेतों में गिरती रहती हैं। सोमवार को गोली लगने से विकास बाल-बाल बच गया था। पुलिस और पीएसी जवानों की इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश था।
कोतवाली देहात के वरिष्ठ उपनिरीक्षक एनडी तिवारी ने बताया कि पूर्व में ग्रामीणों द्वारा इस तरह की कोई सूचना नहीं दी गई थी। मंगलवार को बालका के गोली लगने की जानकारी मिली है। घटना के संबंध में घायल बालिका के स्वजन की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है। वहीं पुलिस और पीएसी जवानों की इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश था।