सुबह-शाम ठंड से आफत, दोपहर में राहत
बुधवार को मौसम का मिजाज मिलाजुला रहा। सुबह के समय आसमान में बादलो
एटा, जागरण संवाददाता : बुधवार को मौसम का मिजाज मिलाजुला रहा। सुबह के समय आसमान में बादलों का डेरा था। तापमान में भी कमी थी और लोगों को ठिठुरन महसूस हो रही थी। सुबह 9 बजे तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। इसके बाद आसमान से बादल छंटना शुरू हुए और सूर्य की किरणों ने दस्तक दे दी। धूप निकलने से दोपहर के समय लोगों को राहत मिली। जबकि शाम के समय फिर ठंड ने शिकंजा कस दिया। दिन का अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सुबह के समय कोहरा तो नहीं था, लेकिन आसमान में बादल डेरा डाले हुए थे। जिसके चलते सूर्यदेव पूरी तरह बंदिश में थे। काफी देर तक बादलों ने सूर्यदेव की चमक को रोके रखा। हल्की ठंडी हवाएं भी चल रही थीं। जिससे लोग ठंड से परेशान होते रहे। सुबह 9 बजे के बाद बादल हल्के होना शुरू हुए तो चमक भी बढ़ी। धीरे-धीरे धूप निकलना शुरू हो गई। दोपहर तक इसमें खासी तेजी आ गई और तापमान भी चढ़ता गया, जो 19 डिग्री तक जा पहुंचा। धूप के साथ अच्छे मौसम का आनंद लेने के लिए लोग खुले स्थानों पर समय बिताते नजर आए। वहीं, सरकारी दफ्तरों के बाहर परिसरों में भी कर्मचारी व अन्य लोग धूप सेंकने को निकल आए। सूर्य ढलते ही ठंडक फिर बढ़ने लगी और रात होते-होते ठंड का हमला तीखा हो गया।
बाजारों में भी दिखा मौसम का उत्साह
------
दोपहर के समय अच्छे मौसम का उत्साह बाजारों में भी नजर आया। घंटाघर, बाबूगंज, गांधी मार्केट, सब्जी मंडी, मैनगंज आदि बाजारों में ग्राहकों की संख्या अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक दिखाई दी। ग्रहणियां भी घरेलू कामकाज जल्दी निपटाकर खरीदारी के लिए निकल पड़ीं।