गर्मी में उबला आस्था का ज्वार, दिनभर सड़कों पर जाम
एटा जासं। गंगा दशहरा के पर्व पर भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था भारी पड़ते नजर आई। सुबह से ही गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ शहर के विभिन्न मार्गो पर खुले वाहनों में उत्साह के साथ जाते दिखी। वाहनों के अतिरेक के कारण शहर में जगह-जगह जाम के हालात रहे। उधर दशहरा को लेकर जिले में भी धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ लोगों ने दान पुण्य को हाथ बढ़ाए।
एटा, जासं। गंगा दशहरा के पर्व पर भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था भारी पड़ते नजर आई। गर्म मौसम के बावजूद आस्थावानों के कदम गंगा घाटों की ओर जाने से न रुके। सुबह से ही गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ शहर के विभिन्न मार्गो पर खुले वाहनों में उत्साह के साथ जाते दिखी। पर्व को लेकर वाहनों के अतिरेक के कारण शहर में जगह-जगह जाम के हालात रहे। उत्साहित बच्चे, युवा, बुजुर्ग, महिलाएं सभी में पर्व को लेकर खासा उत्साह था। उन्हें न चिलचिलाती धूप की परवाह थी और न ही खुले वाहनों में गंगा घाटों तक सफर करने में कोई डर ही था। उधर दशहरा को लेकर जिले में भी धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ लोगों ने दान पुण्य को हाथ बढ़ाए।
सुबह से ही भीषण गर्मी थी। दिन में तापमान 45 डिग्री पार कर गया। भीषण गर्मी के कारण आम लोगों का जहां घर से बाहर निकलना दूभर हो रहा था। वहीं दशहरा पर्व पर गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं में उत्साह की कोई कमी नहीं थी। वे डग्गेमार वाहनों के अलावा ट्रैक्टर-ट्राली, टेंपो में सवार होकर गंगा स्नान के लिए जाते दिखे। महिला, पुरुष, बच्चे, युवा, बुजुर्ग सभी उम्र वर्ग के लोग गंगा स्नान को पहुंचे। सुबह के वक्त वाहनों का अतिरेक कम था, लेकिन दोपहर के समय श्रद्धालुओं को ले जाने वाले वाहनों की तादाद बढ़ गई और हाईवे पर बार-बार जाम लगने लगा। हाईवे के लिंक मार्गो पर भी यही स्थिति रही। सिर्फ एटा जनपद ही नहीं बल्कि मध्यप्रदेश राजस्थान व प्रदेश के भी दूसरे जिलों से आने वाले वाहन भी यहां होकर गुजरे। महिलाएं खुले वाहनों में बैठकर अपने बच्चों पर पंखा करते हुए दिखीं। कुछ युवा वाहनों पर साउंड लगाकर गंगा मां के जयकारे लगा रहे थे। शाम तक गंगा स्नान कर लौटने वाले लोगों की वापसी से भी जाम के हालात बने रहे। देर शाम को ही यातायात सुचारू हो सका।