पराली कतई न जलाएं, किसान करें सदुपयोग
शुक्रवार को जिला पंचायत स्थित जनेश्वर मिश्र सभागार में आयोजित जनपदीय रबी गोष्ठी व किसान मेला में जिलाधिकारी सुखलाल भारती ने किसानों को चेताया कि वह पराली कतई न जलाएं। पराली के सदुपयोग के लिए जो जानकारियां दी जा रही हैं उनका प्रयोग करें। इस दौरान उन्होंने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए चल रहीं योजनाओं का लाभ उठाने की भी अपील की।
एटा, जागरण संवाददाता : शुक्रवार को जिला पंचायत स्थित जनेश्वर मिश्र सभागार में आयोजित जनपदीय रबी गोष्ठी व किसान मेला में जिलाधिकारी सुखलाल भारती ने किसानों को चेताया कि वह पराली कतई न जलाएं। पराली के सदुपयोग के लिए जो जानकारियां दी जा रही हैं, उनका प्रयोग करें। इस दौरान उन्होंने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए चल रहीं योजनाओं का लाभ उठाने की भी अपील की।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम का शुभारंभ करने के बाद किसान मेला में लगाए गए विभिन्न विभागों व कृषकों के स्टालों को देखा। उन्होंने विशेष उत्पादन प्रदर्शित करने पहुंचे किसानों से भी बातचीत की। इस मध्य जैविक उत्पादों पर कृषक विनोद चौहान की प्रशंसा की। स्टालों को देखने के बाद गोष्ठी में डीएम ने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं, उनको समय-समय पर सम्मान किया जाए, हर किसान की आय दुगनी हो, किसान खुशहाल एवं सम्पन्न हो इसके लिए सार्थक प्रयास किए जाएं।
खेती के साथ-साथ पशुपालन, मत्स्यपालन, बागवानी अपनाएं ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके। किसानों को चाहिए कि वे जैविक खेती पर जोर दें, रासायनिक खाद का प्रयोग कम करें और खेतों में कम्पोस्ट खाद का प्रयोग किया जाए।
सीडीओ मदन वर्मा आदि ने भी विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। इस दौरान डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह, डीडी कृषि विजय शंकर, जिला कृषि अधिकारी एमपी सिंह, सीवीओ केपी सिंह, डीएचओ एनएस भट्ट सहित अन्य अधिकारी, किसान मौजूद थे। जिम्मेदारों को सुननी पड़ीं खरी खोटी
-----
आयोजन का नाम विराट किसान मेला रखा गया, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही यह थी कि उसमें दर्जनभर भी स्टॉल नहीं लगे थे। ऐसी स्थिति में विभागीय जिम्मेदारों को खूब खरी खोटी भी सुननी पड़ीं। यही नहीं जिम्मेदारों का ऐसी स्थिति में मुंह लटका नजर आया।