Move to Jagran APP

शिव मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, जयकारों के बीच किया जलाभिषेक

मंदिर में श्रद्धालुओं का सुबह से तांता लगा कांवड़ियों में दिखा जोश

By JagranEdited By: Published: Tue, 02 Aug 2022 04:02 AM (IST)Updated: Tue, 02 Aug 2022 04:02 AM (IST)
शिव मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, जयकारों के बीच किया जलाभिषेक
शिव मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, जयकारों के बीच किया जलाभिषेक

शिव मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, जयकारों के बीच किया जलाभिषेक

loksabha election banner

जासं, एटा : सावन के तीसरे सोमवार को जनपद के शिव मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े। भोले भंडारी के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया। वहीं मंदिरों में पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठान होते रहे। घरों में लोगों ने व्रत रखे तथा भोलेबाबा से सुख और समृद्धि की कामना की। अपने मनौती वाले देवस्थानों पर कांवड़ यात्रियों ने भी सोरों से गंगा जल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। जलेसर के पटना पक्षी विहार स्थित पूर्ण इच्छेश्वर महादेव मंदिर में भीड़ देखी गई। शहर के प्राचीन कैलाश मंदिर में श्रद्धालुओं का सुबह से तांता लगना शुरू हो गया था, जो चर्तुमुखी शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और चंदन, फलों को अर्पित कर गंगाजल और दूध से अभिषेक कर अपने सांसारिक कष्टों से निजात दिलाने की प्रार्थना कर रहे थे। समूचा मंदिर श्रद्धा के अतिरेक से आभायुक्त हो रहा था। इस बार कांवड़ियों में अपार जोश देखा गया और बड़ी संख्या में वे शिव मंदिरों पर गंगा जल से जलाभिषेक करते देखे गए। शहर में सबसे ज्यादा भीड़ कैलाश मंदिर में दिखाई दी, भीड़ की वजह से पुलिस प्रशासन ने अतिरिक्त व्यवस्थाएं कर रखी थीं। भोले भक्तों ने एक-एक कर भगवान शिव के दर्शन किए। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, सबसे ज्यादा संख्या महिलाओं की देखी गई। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए के लिए कैलाश मंदिर में पहुंचे। इसके अलावा शहर के प्रत्येक मंदिर में श्रद्धालु सुबह से ही पहुंचते रहे। शाम को आरती का आयोजन भी किया गया। इसके साथ ही सीएमओ कार्यालय के सामने स्थित विशाल शिवलिंग, श्रंगार नगर की देवी मठिया, अरुणानगर के शिव मंदिर, इंद्रपुरी के शिव मंदिर, मालगोदाम रोड व शांतीनगर स्थित देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजन अर्चन किए। शहर के कई मंदिरों में शिव तांडव स्त्रोत, शिव स्त्रोत्र, शिव लहरी के पाठ व अनुष्ठान हुए। मंदिरों में कावरियों के उत्साह का अतिरेक दिखते ही बन रहा था। पटना पक्षी विहार में आस्था का सैलाब --जलेसर के पटना पक्षी विहार स्थित पूर्ण इच्छेश्वर महादेव मंदिर पर श्रद्धालुओं की सुबह से ही भारी भीड़ देखी गई। हजारों की संख्या में श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए उमड़ पड़े। क्षेत्र में इस महादेव मंदिर की अधिक मान्यता है, हर कोई भगवान शिव के शिवलिंग के दर्शन करना चाहता था। बड़ी संख्या में महिलाएं यहां पूजा अर्चना करते देखी गईं। शिवभक्ति का ऐसा ज्वार पर्व पर ही देखने को मिलता है। कस्बायी इलाकों में शिवभक्ति की धूम -कस्बाई इलाकों में भी पूजा अर्चना करने वालों का सुबह से ही शिव मंदिरों में तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर जलाभिषेक किया और पूजा की। मंदिरों में आरती का आयोजन भी किया गया। अलीगंज, मारहरा, जैथरा, सकीट, राजा का रामपुर, मिरहची, अवागढ़, निधौली कलां, मलावन आदि कस्बों में शिवभक्तों में उत्साह देखा गया। कांवड़ें लेकर आए श्रद्धालुओं ने भी जलाभिषेक किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.