रंगारंग सजी महिला सम्मेलन की महफिल
राजकीय जिला कृषि एवं औद्योगिक विकास प्रदर्शनी एटा महोत्सव के पंडाल
एटा, जागरण संवाददाता : राजकीय जिला कृषि एवं औद्योगिक विकास प्रदर्शनी एटा महोत्सव के पंडाल में शनिवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से महिला सम्मेलन की महफिल खूब जमी। महिलाओं और युवतियों ने अपने गीतों को संगीत के वाद्ययंत्रों की धुन के साथ जहां आवाज का जादू बिखेरा, वहीं आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति कर सभी को हैरत में डाल दिया। घरों में कामकाजी महिलाओं में भी इतना हुनर हो सकता है, यह श्रोताओं और दर्शक दीर्घा में बैठीं महिलाओं ने महिला सम्मेलन के आयोजन के दौरान समझा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी सुखलाल भारती ने फीता काटकर किया। जबकि प्रदर्शनी मंच पर स्थित दीपस्तंभ पर दीप ज्योति जलाकर चेयरमैन मीरा गांधी एवं विधायक सदर की धर्मपत्नी प्रेमलता वर्मा व महिला मोर्चा भाजपा की जिला महामंत्री ममता गुप्ता ने विधिवत कार्यक्रम की शुरुआत की। सर्वप्रथम कार्यक्रम में गणेश वंदना देवा ओ देवा गणपति देवा तुमसे बढ़कर कौन नामक गीत पर सामूहिक नृत्य के साथ वायरस ग्रुप के कलाकारों ने किया। इसके बाद युवतियों के दिव्या ग्रुप के कलाकारों ने डांडिया नृत्य से समां बांध दिया। उनके द्वारा रण में कूद पड़ी महाकाली और ढोल बाजे ढोल बाजे, पैरों में बंधन है, निबूड़ा निबूड़ा के पैरोडी गीत पर सामूहिक नृत्य का जलवा देख दर्शक और श्रोता दांतों तले उंगली दबाने को विवश हो गये। कार्यक्रम में विधायक सदर की पत्नी प्रेमलता वर्मा ने कहा कि महिलाएं घर के काम काज में व्यस्त होने के बाद भी कई हुनर रखतीं हैं, मगर उन्हे अपना हुनर दिखाने का कभी मौका नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में होने वाले महिला सम्मेलन के माध्यम से उनके हुनर को निखारने का अवसर मिलता है, इसलिए उन्हे बेझिझक अपनी कला का प्रदर्शन करके आने वाली पीढ़ी को भी नसीहत देने का काम करना चाहिए।
इस दौरान लक्ष्मीबाई इंटर कालेज की प्रधानाचार्या डा. विनीता तिवारी, सपना यादव, अज्जो देवी, मंजुला रमन, कल्पना सक्सेना, संध्या देवी, प्रिया शर्मा, रंजना शर्मा, पूनम गुप्ता, साधना गुप्ता आदि महिलाएं मौजूद थीं। कार्यक्रम संयोजिका अर्चना डौली सक्सेना ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं और युवतियों को आकर्षक उपहार प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया।