सिविल लाइन इलाका सील, घरों में रहने की हिदायत
जागरण संवाददाता एटा शहर के सिविल लाइन इलाके में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उसे
जागरण संवाददाता, एटा : शहर के सिविल लाइन इलाके में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उसे हॉटस्पॉट बना दिया गया। इलाके की गलियां सील करने के बाद पूरे क्षेत्र को सेनेटाइज कराया गया। इस दौरान एडीएम प्रशासन विवेक मिश्र और अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने हालातों का जायजा लिया तथा लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी।
सिविल लाइन में एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला था, इसके बाद नियमानुसार क्षेत्र को हॉटस्पॉट घोषित करते हुए गलियों में बैरीकेड लगा दिए गए तथा पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। शनिवार को पूरे क्षेत्र में नगर पालिका और फायर सर्विस की टीमें सेनेटाइजेशन करती रहीं। इस दौरान एडीएम प्रशासन और अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा तथा अन्य व्यवस्थाएं परखीं। कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि जरूरी चीजों की आपूर्ति समय से की जाए। पुलिस कर्मियों को भी निर्देश दिए गए कि वे किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर न आने दिया जाए और न ही अंदर से कोई बाहर जा पाए। हॉटस्पॉट इलाके में दूध की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इलाके में रहने वाले लोगों की स्क्रीनिग कराई जा रही है।