दुकानें खुलते ही नुमाइश में खरीदारों की रौनक
राजकीय जिला कृषि एवं औद्योगिक विकास प्रदर्शनी में दो दिन दुकानों का संचालन बंद रहने से दुकानदारों पर छाया संकट का कुहासा शनिवार को छंट गया। जिलाधिकारी सुखलाल भारती के आदेशों के बाद शनिवार को विधिवत जैसे ही दुकानें खुलीं प्रदर्शनी परिसर में विभिन्न वस्तुओं की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ से प्रदर्शनी में फिर से रौनक नजर आने लगी। दुकानदार भी अपने सामान की बिक्री करने में व्यस्त दिखे।
एटा, जागरण संवाददाता : राजकीय जिला कृषि एवं औद्योगिक विकास प्रदर्शनी में दो दिन दुकानों का संचालन बंद रहने से दुकानदारों पर छाया संकट का कुहासा शनिवार को छंट गया। जिलाधिकारी सुखलाल भारती के आदेशों के बाद शनिवार को विधिवत जैसे ही दुकानें खुलीं, प्रदर्शनी परिसर में विभिन्न वस्तुओं की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ से प्रदर्शनी में फिर से रौनक नजर आने लगी।
गुरुवार को पुलिस प्रशासन द्वारा सैनिक पड़ाव स्थित राजकीय प्रदर्शनी परिसर की दुकानों को बंद करा दिया गया था, यही नहीं रात्रि में पुलिस प्रशासन ने विद्युत आपूर्ति भी बंद करा दी। जिससे प्रदर्शनी दुकानदारों में मायूसी छा गई थी। प्रदर्शनी ठेकेदार के साथ दुकानदारों ने जिलाधिकारी सुखलाल भारती को समस्या से अवगत कराया। उन्हें जानकारी दी कि नुमाइश के दौरान करीब पंद्रह दिनों तक वर्षा से हुए जलभराव और कीचड़ के चलते उनका कारोबार खासा प्रभावित हुआ था। जिसके कारण उन्हे भारी नुकसान का सामना करना पड़ा। जिलाधिकारी के आदेशों के प्रभावी होने के बाद प्रदर्शनी की दुकानें शनिवार को पूर्व की भांति खुल गईं। दुकानें खुलते ही प्रदर्शनी में खरीदारों की रौनक पुन: लौट आई है। दुकानदार भी दस फरवरी तक अब अपनी दुकानों का संचालन कर सामान की बिक्री कर सकेंगे।