एटा में चुनावी रंजिश में हमला, चार घायल
जैथरा के दौलतपुर व महमंता में हुईं घटनाएं मारहरा में हुई मारपीट का मामला दर्ज
जासं, एटा: जैथरा थाना क्षेत्र में चुनावी रंजिश में हमला कर चार लोगों को घायल कर दिया गया। इसके अलावा मारहरा थाना क्षेत्र में हुई मारपीट में एक व्यक्ति घायल हुआ है।
मंगलवार शाम ग्राम दौलतपुर निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को बताया कि गांव के ही राजेंद्र ने नौ अन्य स्वजन की मदद से मकान के पीछे गड्ढा खोदने की मना करने पर फावड़ा से हमला कर उसे घायल कर दिया। विरोधी पक्ष के लोग प्रधानी के चुनाव के बाद से ही उसके परिवार से रंजिश मानते आ रहे हैं। घायल मनोज ने राजेंद्र समेत 10 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं ग्राम हनुमंता में दो पक्षों में हुए संघर्ष के दौरान सुरेश कुमार और राजपाल घायल हो गए। दोनों पक्षों ने चार-चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दूसरी ओर गांव महमंता के ही अजय कुमार ने सनी समेत चार लोगों पर पथराव कर घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपित सनी द्वारा जान से मारने के इरादे से तमंचे से फायर भी किया गया। पुलिस ने अजय की तहरीर पर सनी समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं मारहरा थाना क्षेत्र के ग्राम मीरापुर निवासी दुर्गेश कुमार ने कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम बदरिया निवासी हेमंत समेत सात लोगों पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है।