जैथरा में शस्त्र फैक्ट्री पकड़ी, संचालक गिरफ्तार
जैथरा पुलिस ने गांव परौली के निकट छापा मारकर एक अवैध शस्त्र फैक्
एटा, जागरण संवाददाता : जैथरा पुलिस ने गांव परौली के निकट छापा मारकर एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री पकड़ी है, जिसके संचालक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान बने हुए दस तमंचे व शस्त्र बनाने के तमाम उपकरण भी बरामद हुए। मौके पर दो लोग काम कर रहे थे, जिनमें से एक भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
थाना प्रभारी सतपाल भाटी ने एक सटीक सूचना पर गांव कलवरिया के पास जंगल में छापा मारा, जहां अवैध रूप से हथियार बनाए जा रहे थे। मौके पर अर्जुन मिश्रा निवासी गांव परौली और इसी गांव का रहने वाला जुगेंद्र काम कर रहे थे। पुलिस को देखकर आरोपितों में हड़कंप मच गया, तभी पुलिस ने अर्जुन को पकड़ लिया, मगर जुगेंद्र भागने में सफल रहा। पुलिस ने जब अर्जुन से पूछताछ की तो उसने बताया कि अवैध रूप से बनाए गए हथियार कासगंज, हाथरस, फर्रुखाबाद, मैनपुरी आदि जिलों में सप्लाई किए जाते थे। आरोपित ने दूसरे जिलों के कुछ ऐसे लोगों के नाम, पते भी बताए जो इस खेल में लिप्त हैं। अपर पुलिस अधीक्षक क्राइम राहुल कुमार ने बताया कि पूर्व में भी आरोपित हथियारों की सप्लाई करते रहे हैं और पकड़े भी गए। हाल ही में उन्होंने फिर से काम शुरू कर दिया था। दूसरे जिलों के जो लोग इस धंधे में लिप्त बताए गए हैं वे पुलिस के रडार पर हैं और उन्हें खंगाला जा रहा है। शीघ्र ही पुलिस उनकी भी गिरफ्तारी करेगी। उन्होंने कहा कि आरोपित जुगेंद्र पर एटा जनपद में चार मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दूसरे जिलों में भी एफआइआर होने की जानकारी मिली है, उसका रिकार्ड निकलवाया जा रहा है।