अवागढ़ में पशु चोरों ने युवक को मारी गोली, घायल
जिला अस्पताल से किया आगरा रेफर जैथरा में गोली से रोजगार सेवक जख्मी
जासं, एटा: अवागढ़ थाना क्षेत्र में पशु चोरों द्वारा चलाई गोली से युवक घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से आगरा रेफर कर दिया गया। वहीं जैथरा क्षेत्र में गोली लगने से रोजगार सेवक घायल हुआ है।
मंगलवार तड़के ग्राम वृंदावन निवासी 28 वर्षीय कल्लू खान पशुओं के पास सो रहा था, तभी वहां आए पशु चोरों ने टोकने पर फायर कर दिया। गोली लगने से कल्लू खान घायल हो गया। फायर की आवाज और चीख-पुकार सुनकर स्वजन और आसपास के लोग पहुंच गए। उन्होंने पशु चोरों का पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं लगे। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे आगरा रेफर कर दिया गया। अवागढ़ के इंस्पेक्टर मानवेंद्र त्यागी ने बताया कि कोई तहरीर नहीं दी गई है।
दूसरी ओर जैथरा थाना क्षेत्र के ग्राम गढि़या निवासी रोजगार सेवक सरजू सोमवार शाम खेत में पौधों में पानी लगाकर लौट रहा था। तभी विरोधी पक्ष के रंजीत ने चार अन्य साथियों की मदद से उसे घेरकर उसके ऊपर फायर कर दिया। हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे जैथरा स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है। एसओ जैथरा सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि घायल के भाई सतीश कुमार की तहरीर पर हत्या के प्रयास की रिपोर्ट रंजीत समेत पांच के खिलाफ दर्ज कर ली गई है।