508 पंचायतों के मनरेगा मजदूरों के घर बनेंगे पशु शेड
शासनस्तर से आई सूची पर कर्मचारी पात्र लोगों का सत्यापन कर रहे
जासं, एटा: जिले की 508 ग्राम पंचायत में रहने वाले मनरेगा मजदूरों के घर पशु शेड बनाए जाएंगे। इसके लिए शासन स्तर से आई सूची पर कर्मचारी पात्र लोगों का सत्यापन कर रहे हैं। साथ ही उनसे शेड तैयार कराने के लिए मंशा जान रहे हैं।
शासन लोगों को रोजगार के साथ-साथ खुद के कारोबार से भी जोड़ने के लिए कदम उठा रहा है। मनरेगा मजदूरों को पशु पालन की तरफ मोड़ने के लिए उनके घर शेड तैयार कराने की सरकार ने पहल शुरू की है। जिसे लेकर शासन ने चार हजार 698 मनरेगा मजदूरों के घर पशु शेड तैयार कराने का लक्ष्य दिया है। निर्धारित किए गए मनरेगा मजदूर जिले की 508 ग्राम पंचायतों में निवास करते हैं। शासन से आई सूची का बीडीओ, सचिव और रोजगार सेवक के माध्यम से सत्यापन किया जा रहा है। इसके साथ ही कर्मचारी लाभार्थी के घर पहुंचकर उससे पूछ रहे हैं कि आखिरकार उन्हें किन पशुओं के लिए शेड तैयार कराना है। उनकी इच्छानुसार ही जानवरों के लिए कैटल शेड बनवाए जाएंगे। वहीं डीसी मनरेगा प्रतिभा निमेष ने बताया कि सूची में शामिल लोगों का पूरी तरह से सत्यापन कराया जा रहा है। कुछ लोगों के घर पहले से ही कैटल शेड बने हुए मिल रहे हैं। इसकी रिपोर्ट शासन स्तर पर भेजी जाएगी। उनके स्थान पर जरूरतमंद मजदूरों को इसका लाभ दिया जाएगा।