आंदोलन करने वाले किसान जनता के हितैषी नही: चौरसिया
विकास कार्यों के दम पर जीतेंगे का विधानसभा का चुनाव लखीमपुर कांड पर भाजपा का रुख पूरी तरह साफ
जासं, एटा: भाजपा के यूपी सह चुनाव प्रभारी संजय चौरसिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव मोदी और योगी की नीतियों से हुए विकास कार्यों के बूते पर जीतेंगे। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं ने जनता में विशेष छाप बनाई है। उन्होंने कहा कि आंदोलन करने वाले किसान जनता के हितैषी नहीं हैं। लखीमपुर खीरी कांड को लेकर भाजपा का रुख साफ है। भाजपा सरकार निष्पक्षतापूर्वक काम कर रही है।
यहां भाजपा कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में सह चुनाव प्रभारी ने कहा उज्ज्वला गैस,आयुष्मान कार्ड, मुफ्त राशन वितरण, कोरोना टीकाकरण आदि ऐसी योजनाएं हैं जिन्होंने जनता को सीधे लाभ पहुंचाया है। अब कल्याणकारी योजनाओं का पैसा सीधे जनता के खातों में पहुंचाया जा रहा है। भाजपा देश और प्रदेश में सत्ता में आई है तब से विकास की गंगा बह रही है। उन्होंने कहा कि एक चीज पर महंगाई बढ़ती है तो हल्ला मचता है, लेकिन तमाम चीजें सस्ती भी हुई हैं। पेट्रोल-डीजल महंगा होना वैश्विक समस्या है यह सिर्फ भारत की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन का कोई विपरीत असर यूपी में नहीं है क्योंकि किसान भली भांति जानते हैं कि जो आंदोलन कर रहे हैं वे सच्चे किसान नहीं। किसानों के लिए मोदी और योगी सरकार ने तमाम कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं जिनका लाभ उन्हें मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लखीमपुर में जो कुछ हुआ जनता को सब मालूम है हमने पक्षपात नहीं किया पुलिस से भी कहा गया है कि निष्पक्षता पूर्वक जांच करें और जो दोषी हो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। एक सवाल के जवाब में सह प्रभारी ने कहा के मेनका और वरुण गांधी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी से हटाने का कोई गलत मैसेज यूपी में नहीं जा रहा यह पार्टी नेतृत्व का फैसला है। हम सबको संगठन का फैसला मान्य होता है। उन्होंने कहा कि इन दिनों प्रदेश भर का दौरा चल रहा है और प्रत्येक जिले में जाकर वहां के कामकाज की समीक्षा की जा रही है। पार्टी ने पन्ना प्रमुख बनाए हैं। यह पन्ना प्रमुख चुनाव के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। हमने अपनी ताकत बूथों पर झोंक रखी है। हम बूथ जीतेंगे और फिर चुनाव भी जीतेंगे यही नारा पार्टी दे रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी के कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिन पर विचार किया जा रहा है। सांगठनिक स्तर पर भी पार्टी को मजबूत किया जा रहा है। सांसद राजवीर सिंह, विधायक विपिन वर्मा डेविड, जिला प्रभारी नागेंद्र सिकरवार, अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर, जलेसर विधायक संजीव दिवाकर, मारहरा विधायक वीरेंद्र लोधी,पूर्व जिला अध्यक्ष डा. दिनेश वशिष्ठ, जिला मीडिया प्रभारी विक्रांत माधौरिया समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद थे।