कलक्ट्रेट पर आज से शुरू होगा क्रमिक अनशन
प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप सकारात्मक रुख के बावजूद नहीं हुआ काम
जासं, एटा: मोटरयान दुर्घटना प्रतिकर अधिकरण को अरुणानगर गेट से हटाकर कचहरी परिसर में लाने के लिए 17 नवंबर से चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल में अब बुधवार से क्रमिक अनशन आरंभ होगा। मंगलवार को हुई बैठक में अधिवक्ताओं ने क्रमिक अनशन की रूपरेखा बनाई।
बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता नीरज गुप्ता, राकेश यादव, उदयवीर सिंह वर्मा, राधेश्याम शर्मा, सुरेश शाह सिसौदिया, महेंद्र प्रताप वर्मा, सुनील यादव, ज्ञान सिंह बघेल, एदल सिंह बघेल, गिरीश शर्मा आदि ने प्रशासन पर तमाम आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कलक्ट्रेट पर प्रशासन के पास तमाम जगह होने के बावजूद जीटी रोड स्थित एक निजी परिसर में किराए पर ट्रिब्युनल को चलाकर प्रशासन सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहा है। अधिवक्ताओं ने पूर्व में हुई कानून मंत्री और जिला प्रशासन एवं बार पदाधिकारियों की बीच सकारात्मक वार्ता का उल्लंघन करने का आरोप भी लगाया। अधिवक्ताओं ने समस्या निदान होने तक क्रमिक अनशन करने का निर्णय लिया। अध्यक्षता बार अध्यक्ष वीपी सिंह तथा संचालन महासचिव संजय उपाध्याय ने किया। काफी संख्या में अधिवक्ता मौजूद थे।