एटा में परिणय सूत्र में बंधे 103 जोड़े
जासं एटा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को वैवाहिक आयोजन किया गया। इसमें
जासं, एटा: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को वैवाहिक आयोजन किया गया। इसमें 103 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। पंजीकृत 21 जोड़े न पहुंचने पर उनका विवाह न हो सका।
इस योजना में यह वर्ष का पहला आयोजन था। इसमें ब्लाकों और नगर निकायों के माध्यम से 124 जोड़ों को विवाह के लिए पंजीकृत किया गया था। शहर शिकोहाबाद रोड स्थित एक विवाह स्थल में सुबह 10 बजे से वर और वधू पक्ष पहुंचना शुरू हो गए। सामूहिक रूप से हो रहे आयोजन को लेकर कुछ वर-वधू के चेहरों पर झिझक के भाव नजर आ रहे थे। वहीं, तमाम जोड़े उत्साहित और खुश दिखाई दे रहे थे। स्वजन इन पलों की यादें मोबाइल कैमरों में कैद कर रहे थे। कार्यक्रम में पहुंचीं डीएम डा. विभा चहल ने कहा कि गरीब युवक-युवतियों की शादी एक ही मंडप में कराने का प्रदेश सरकार का निर्णय काफी सराहनीय है। इससे प्रत्येक पात्र जोड़े को लाभांवित किया जा रहा है। गायत्री शक्तिपीठ के आचार्य एवं सहयोगियों ने 102 हिदू वर-वधू का विवाह वैदिक रीति से मंत्रोच्चारण कर संपन्न कराया। वहीं एक मुस्लिम जोड़े का निकाह पढ़ा गया। एसएसपी सुनील कुमार सिंह, सीडीओ अजय प्रकाश, जिला समाज कल्याण अधिकारी रश्मि यादव, सीओ राजकुमार सिंह, डिप्टी कलक्टर अलंकार अग्निहोत्री, डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह, डीपीओ संजय सिंह आदि अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। दोपहर तक आते रहे वर-वधू:
विवाह की रस्में दोपहर करीब 12 बजे शुरू करा दी गईं। इसके बावजूद कई हवनकुंड खाली थी। बाद में कई वर-वधू पहुंचे, जिन्हें बैठाकर आयोजन में शामिल कराकर विवाह कराया गया। तीन कन्या ऐसी रहीं, जिनके वर पक्ष कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे ही नहीं और उन्हें मायूस लौटना पड़ा।